छत्तीसगढ़

बंगाल की खाड़ी में बना कम दाब का क्षेत्र छग पहुंचा, असर: कवर्धा में हुई 14 मिमी बारिश

 सबका संदेश न्यूज छत्तीसगढ़-  मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर (रायपुर) ने छग में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। न सिर्फ दिवाली, बल्कि 30 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसकी वजह बंगाल की खाड़ी में बना कम दाब (लो-प्रेशर) के क्षेत्र है, जो छग पहुंच चुका है। इसके प्रभाव से कबीरधाम जिले के विभिन्न इलाकों में बुधवार रात से बारिश हो रही है।

गुरुवार को झड़ी लगने से दिनभर रूक-रूककर बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान जहां 26 डिग्री सेल्सियस था, वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस पर रहा, जो कि सामान्य से 2 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर को मानसून वापसी की घोषणा कर दी थी। इस घोषणा के बाद से ही बरसात का सिलसिला जारी है। पहले चक्रवात और अब एक कम दाब का क्षेत्र बनना है। रायपुर के मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा बताते हैं कि चक्रवात और पूर्वी हवा दोनों की स्थिति मध्य भारत के ऊपर है, इसलिए यहां सर्वाधिक प्रभाव दिखाई दे रहा है।

यह है वजह: चक्रवात और पूर्वी हवा दोनों की स्थिति मध्य भारत के ऊपर

कवर्धा.बुधवार रात से शुरू हुई बारिश, गुरुवार को दिनभर पर झड़ी लगी।

19.6% ज्यादा बारिश, 10 साल का औसत रिकॉर्ड टूटा

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान था कि इस साल जिले में 887.3 मिमी वार्षिक औसत होगी। 1 जून से अब तक यहां 892 मिमी बारिश हो चुकी है, जो अनुमान से 4.7 मिमी अधिक है। वहीं जिले में पिछले 10 साल की औसत वर्षा 764 मिमी रहा है। इस साल यह रिकार्ड भी टूटा 10 साल की औसत वर्षा के मुकाबले अभी तक 19.6 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है।

प्रदेश के इन जिलों में 48 घंट के लिए अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने छग प्रदेश के बालोद, धमतरी और रायगढ़ जिले में 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसी तरह कांकेर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, नारायणपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर, रायगढ़, सरगुजा, सुरजपुर, बलरामपुर, जशपुर जिले में अगले 48 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

वर्षा से सोयाबीन व धान की फसल होगी प्रभावित

इस साल जिले में 96 हजार हेक्टेयर रकबे में किसानों ने धान फसल लगाई है। वहीं 37 हजार हेक्टेयर में सोयाबीन लगाई है। अधिकांश जगहों पर सोयाबीन कटाई शुरू हो चुका है। यदि इसी तरह बदली व बारिश होती रही, तो सोयाबीन अंकुरित होने लगेंगे। कृषि वैज्ञानिक डॉ. बीपी त्रिपाठी बताते हैं कि बारिश में भीगने के कारण अनाज का रंग प्रभावित होगा।

कबीरधाम जिले में सीजन में बारिश के आंकड़े

ब्लॉक वर्षा

कवर्धा 1153.5 मिमी

पंडरिया 612 मिमी

बोड़ला 648.6 मिमी

सहसपुर लोहारा 1154 मिमी

औसत 892 मिमी

(राजस्व विभाग की वेबसाइट से मिले आंकड़े 1 जून से अब तक।)

बेमेतरा जिले में अनुमान से 5 प्रतिशत कम बारिश हुई

बेमेतरा जिले की बात करें, तो यहां सीजन में अनुमान से 5% तक कम बारिश हुई है। 6 में से 3 तहसीलों में 900 मिमी कम वर्षा रिकार्ड की गई है। सीजन में 1022.2 मिमी संभावित औसत वर्षा होनी थी, लेकिन अब तक 970.2 मिमी औसत बारिश हुई है। वहीं पिछले 10 साल की औसत वर्षा से भी 14.4 मिमी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

बेमेतरा जिले में सीजन में बारिश की अभी यह स्थिति

ब्लॉक वर्षा

थान खम्हरिया 1035.2 मिमी

नवागढ़ 752.8 मिमी

बेमेतरा 1631 मिमी

साजा 542 मिमी

बेरला 890 मिमी

औसत 970.2 मिमी

(राजस्व विभाग की वेबसाइट से मिले आंकड़े 1 जून से अब तक।)

 

 

विज्ञापन समाचार हेतु सपर्क करे-
9425569117/7580804100

Related Articles

Back to top button