लॉकडाउन खत्म होते ही पन्द्रह दिन बाद फिर से लौटी बाजारों में रौनक

लॉकडाउन खत्म होते ही सामान्य हुआ जनजीवन
भिलाई। लॉकडाउन खत्म होते ही शहर के बाजारों में पन्द्रह दिन बाद आज से फिर एक बार रौनक लौट आई है। लॉकडाउन खत्म होने के साथ ही किराना सहित इस अवधि में प्रतिबंधित रही दुकानों के खुलते ही जनजीवन सामान्य हो गया। राशन सहित अन्य उपयोग की सामान खरीदने लोगों की भीड़ आज बाजारों में उमड़ पड़ी।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए दुर्ग जिले में 23 जुलाई से घोषित लॉकडाउन में आज से छूट मिल गई। इसके साथ ही भिलाई-दुर्ग सहित भिलाई-3, चरोदा, जामुल व कुम्हारी आदि नगरीय क्षेत्र की बाजारों में रौनक लौट गई। कलेक्टर दुर्ग डॉ सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे ने गुरुवार की शाम को व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल के साथ बैठक कर आज से सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क एवं सैनिटाइजेशन के शर्तों पर निर्धारित समयावधि के बीच व्यवसाय संचालन की अनुमति प्रदान की।
कलेक्टर से जारी आदेश के अनुरुप आज जिले के सभी निकायों में संचालित बाजारों में सब्जी, डेयरी और मटन, मछली की दुकानें सुबह 5 से दोपहर 12 बजे के बीच खोली गई। लॉकडाउन में सब्जी, डेयरी व मटन मछली की दुकानें प्रतिदिन सुबह 10 बजे तक खुल रही थी। इस वजह से इन दुकानों में खास भीड़ नजर नहीं आई। लेकिन पूर्वान्ह 11 बजे किराना, जनरल, कपड़ा, प्रोविजन सहित अन्य समस्त व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के खुलते ही 23 जुलाई से पसरा सन्नाटा पल भर के अंदर छंटने लगा। सब्जी, डेयरी, मटन, मछली और मेडिकल को छोड़ बाकी सभी दुकानों को 8 घंटे खोले जाने की अनुमति मिली है। इसके लिए पूर्वान्ह 11 बजे से शाम 7 बजे के बीच का समय तय किया गया है। रविवार को समस्त व्यवसाय पूर्णत: बंद रहेगा। केवल डेयरी सुबह 8 से 10 बजे तक खुलेगी।
होटल और रेस्टोरेंट भी आज से खुल गए हैं। इसके संचालन के लिए सुबह 10 से रात 8 बजे का समय तय किया गया है। रात 8 बजे के बाद होटल व रेस्टोरेंट में ऑनलाइन सेवाएं 10 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
गुपचुप, मोमोस, चाट आदि के ठेले भी आज सुबह 6 बजे से अपने-अपने स्थान पर नजर आते हुए स्वाद के शौकीनों की भीड़ जुटने लगी। ठेलों पर खाद्य सामग्री विक्रय करने वालों के लिए दो पाली में सुबह 6 से 9 बजे तथा शाम 5 से रात 8 बजे तक का समय सुनिश्चित किया गया है। जिला प्रशासन ने सभी व्यवसायियों और आम लोगों से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सैनिटाइजर अपनाने की अपील की है।
निगम का अमला कर रहा निगरानी
लॉकडाउन खत्म करने के साथ अनुमति प्राप्त दुकानों में कोरोना संक्रमण रोकने के उद्देश्य से लागू शर्तों के उल्लंघन पर स्थानीय निकाय की टीम कार्यवाही करेगी। इस टीम के द्वारा अलग-अलग व्यवसाय के लिए निर्धारित समयावधि का पालन सही तरीके से सुनिश्चित कराने पर भी जोर दे रही है। कलेक्टर के जारी आदेश में इस बात का स्पष्ट उल्लेख है कि नियम व शर्तों के उल्लंघन पाये जाने पर संबंधित व्यवसाकि प्रतिष्ठान को सील करने की कार्यवाही की जाएगी।
स्थानीय यात्री परिवहन सेवा हुई शुरू
पखवाड़े भर के बाद आज से लॉकडाउन खुलते ही स्थानीय यात्री परिवहन सेवाओं के रूप में आटो व ई रिक्शा का परिचालन शुरू हो गया है। जबकि सिटी बस और रायपुर-दुर्ग के बीच चलने वाली मिनी बसों के पहिए अभी भी थमे हुए हैं। आटो व ई रिक्शा का परिचालन शुरू होने से लोगों की स्थानीय स्तर पर दैनिक जरुरतों के लिए होने वाली आवाजाही सुगम हो गई है। इससे कामकाजी लोगों को भी राहत मिली है। विगत 23 जुलाई से जिले के किसी भी रूट पर सार्वजनिक यातायात में अहम आटो व ई रिक्शा का परिचालन नहीं हो रहा था।