छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री की मासिक रेडियो वार्ता ‘लोकवाणी’ में लगातार बढ़ रही है श्रोताओं की भागीदारी पोषण पुनर्वास केंद्र के सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों की तय होगी जिम्मेदारी- मुख्यमंत्री श्री बघेल गोवर्धन पूजा को मनाया जाएगा गौठान दिवस के रूप में

सबका संदेश न्यूज छत्तीसगढ़ मुंगेली- 13 अक्टूबर 2019/ मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की ’स्वास्थ्य एवं मातृशक्ति’ पर आधारित मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी के तीसरी कड़ी को आज सुबह 10.30 बजे से 10.55 बजे तक मुंगेली जिले के लोगों ने भी तन्मयता से सुना। मुख्यमंत्री की मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी को सुनने के लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन विकासखण्ड लोरमी के ग्राम अमलडीही के अटल व्यावसायिक परिसर में की गई थी। जहां कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, जिले के पुलिस अधीक्षक श्री सीडी टंडन, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री शत्रुहन सोनू चंद्राकर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मायारानी सिंह, श्री आत्मा सिंह क्षत्रिय, श्री खाण्डेकर सहित महात्मा गांधी विचार पदयात्रा में शामिल सैकड़ों जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं स्थानीय अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सुना। जिले में मुख्यमंत्री की मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी को सुनने के लिए कलेक्टर डाॅ. भुरे ने व्यापक व्यवस्था की थी। जिसके परिणामस्वरूप लोकवाणी सुनने के लिए लगातार श्रोताओं की भागीदारी बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति में मातृशक्ति की पूजा की परम्परा का उल्लेख कर सबका नमन करते हुए अपनी बात की शुरुआत की। मुख्यमंत्री का छत्तीसगढ़ी में दाई-बहिनी सियान-जवान, लइका जम्मो मन ला जय जोहार के सरल और सरस संबोधन ने सबका दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने लोकवाणी में कहा कि मातृशक्ति के सम्मान तथा नारी के उत्थान के लिए सरकार द्वारा महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2019 को ’सुपोषण अभियान’ की शुरूआत की गई है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि जच्चा और बच्चा का बेहतर स्वास्थ्य पहली प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि महिलाओं में व्याप्त एनीमिया को दूर करने और कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने के लिए व्यापक कार्यक्रम बनाए गए है। इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ’मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना’ तथा ’मुख्यमंत्री शहरी स्लम योजना’ की शुरूआत कर दी है। इन दो योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक बस्तियों और बसाहटों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचा रहे हैं, ताकि अस्पताल की सुविधाएं उन सभी लोंगो तक पहुंचा दी जाए, जो इससे छूट गए है। साथ ही प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना के लिए बड़ा कार्यक्रम बनाया गया है, जिसके तहत प्रदेश में पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, 25 उप स्वास्थ्य केन्द्र और जगदलपुर, रायगढ़ जिला चिकित्सालय में ट्रामा यूनिट, बिलासपुर में बर्न यूनिट आदि के लिए बजट प्रावधान किए गए है। बिलासपुर तथा जगदलपुर मेडिकल कालेज में मल्टी स्पेश्यालिटी हास्पिटल की सुविधा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने अपने मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी में कहा कि छत्तीसगढ़ में त्यौहारों की एक समृद्ध श्रृंखला है। यहां हरेली, तीजा के बाद इसी माह क्वांर में नवरात्र पर्व भी उत्साह के साथ मनाया गया। प्रदेश के चारों ओर दंतेश्वरी मैया, बम्लेश्वरी मैया, चन्द्रहासिनी दाई, महामाया दाई और गांव-गांव में शीतला मैया, देवी के नौ स्वरूपों की धूमधाम से पूजा-अर्चना की गई। इसी तरह गांव-गांव में रामलीला और आदिवासी अंचल बस्तर में दशहरा पर्व की छटा सहित छत्तीसगढ़ की विविध लोक

संस्कृति देश-दुनिया तक विख्यात है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि त्यौहारों की इस श्रृंखला में शरद पूर्णिमा, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा, मातर, भाई-दूज आदि का पर्व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। हमारे यहां गौरा-गौरी, गोवर्धन पूजा और मातर-भाईदूज के साथ पड़की-सुवा और राउत नाचा से दीवाली के रंग चटख होते हैं। इसलिए गौरा-गौरी उत्सव और गोवर्धन पूजा को ’गौठान दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। उन्होने कहा कि आगामी 27, 28 और 29 दिसंबर को राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विकासखण्ड स्तर पर प्रतियोगिता होगी। चुने हुए नृत्य दल जिला तथा राज्य स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। इससे ब्लाॅक से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा। महोत्सव में पूरे देश से आए आदिवासी नृत्य दलों का प्रदर्शन भी होगा, जो छत्तीसगढ़ को सांस्कृतिक तौर पर पूरे देश और दुनिया से जोड़ेगा।

 

 

विज्ञापन समाचार हेतु सपर्क करे-9993199117/9425569117

 

Related Articles

Back to top button