कलेक्टर ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के क्रियान्वयन एवं उनकी प्रगति की समीक्षा की

राजीव गांधी किसान न्याय योजना के क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी खामियों को दूर करने के निर्देश
कलेक्टर ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के क्रियान्वयन एवं उनकी प्रगति की समीक्षा की
कलेक्टर ने भुंईया पोर्टल और बैंक खाता संबंधी त्रुटी सुधार करने राजस्व एवं नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया
कवर्धा, 08 जून 2023। कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने राज्य शासन की प्राथमिकता वाली राजीव गांधी किसान न्याय योजना के क्रियान्वयन एवं उनके प्रगति की समीक्षा की। उन्होने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना राज्य शासन की प्राथमिकता वाली महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के माध्यम से किसानों को प्रमुख खरीफ फसलों के लिए 9 हजार , 10 हजार रूपए इनपुट सब्सिडी प्रति एकड़ के मान से दिया जा रहा है। इस योजना का लाभ सभी पंजीकृत किसानों को मिलना चाहिए। इस योजना के क्रियान्वयन से संबंधित सभी त्रुटियों को दूर करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए है। बैठक में बताया गया कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत जिले के खरीफ 2022 में धान विक्रय करने वाले एवं अन्य फसलों के पंजीकृत 1 लाख 11 हजार 373 किसानों को 1 लाख 13 हजार 346 भुगतान संख्या के माध्यम से 21 मई, 2023 से प्रथम किस्त की राशि के रूप में 79 करोड़ 65 लाख 47 हजार रूपए जारी किया गया है। शेष 3 हजार 397 किसानों को इस योजना के आदान सहायता राशि जारी करने में भुंईया पोर्टल और बैंक खाता संबंधी त्रुटी सामने आई है। कलेक्टर ने भुंईया पोर्टल से त्रुटी को सुधार करने के लिए राजस्व अधिकारी, तहसील स्तर पर और बैंक खाता संबंधी त्रुटी सुधार करने के लिए नोडल अधिकारी के माध्यम से सेवा सहकारी समिति प्रबंधक के द्वारा शीघ्र सुधार संबंधी कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया।
कृषि विभाग के उपसंचालक श्री राकेश शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजनांतर्गत खरीफ वर्ष 2022 में पंजीकृत फसलों पर राशि 9000 प्रति एकड़ एवं खरीफ 2021 में सेवा सहकारी समितियों में धान विक्रय करने वाले कृषकों के द्वारा धान के बदले अन्य फसल की बुआई कर पंजीयन कराने पर राशि 10000 प्रति एकड़ कृषि आदान सहायता दिया गया है। खरीफ 2022 में धान विक्रय करने वाले एवं अन्य फसलों के पंजीकृत 1 लाख 11 हजार 373 किसानों को 1 लाख 13 हजार 346 भुगतान संख्या के माध्यम से 21 मई, 2023 से प्रथम किस्त की राशि के रूप में 79 करोड़ 65 लाख 47 हजार रूपए जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पंजीकृत शेष जिले के 3 हजार 397 किसानों की आदान सहायता राशि प्रदाय किया जाना प्रक्रियाधीन है। उन्होंने बताया कि जल्द ही शेष सभी किसानों को उनके बैंक खाता में अदान सहायता राशि हस्तांतरित किया जाएगा।