छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

मेरे संभागायुक्त बनने के पीछे भीम के संविधान की ताकत:कावरे सुगत बुद्ध विहार में आम्बेडकर जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न

भिलाई। भारतीय संविधान के शिल्पकार बोधिसत्व डा बाबा साहेब आम्बेडकर का 132 वां जन्मोत्सव समारोह सुगत बुद्ध विहार समिति द्वारा आम्बेडकर नगर सुपेला भिलाई में आयोजित किया गया। पूज्य भंते महेंद्र द्वारा त्रिशरण पंचशील ग्रहण कराने व अतिथियो द्वारा तथागत गौतम बुद्ध और डा बाबा साहेब आम्बेडकर के तैलचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन के उपरांत उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए विशेष अतिथि भारतीय बौद्ध महासभा के पूर्व अध्यक्ष विनोद वासनिक, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मोहनलाल गुप्ता, वरिष्ठ समाजसेवी विजय कश्यप ने कहा कि हम सबको समता बंधुत्व और भाईचारे के साथ भारतीयता को मजबूत करना होगा।

विशेष अतिथि आरके तिवारी, सी नायडू व ड वाहने ने कहा कि भारत के संविधान जैसा सुसंगत, सुंदर और सुदृढ संविधान दुनिया के किसी भी देश का नही है। डा उदय धाबर्डे, डा सिरसाट, अशोक ढवले, संजय सेन्दरे रिटायर्ड जज व दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ  इंडिया भिलाई की अध्यक्ष वर्षा बागड़े ने कहा कि एकता के साथ मिलकर काम करने से ही सशक्त समाज का निर्माण होगा।

विशिष्ट अतिथि एससी एसटी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनिल रामटेके ने कहा कि डा आम्बेडकर ने भारतीयता के लिए कार्य किया और समूचे राष्ट्र का हित सोचकर कल्याणकारी कार्य किये। अनुसूचित जाति जनजाति संगठनो का अखिल भारतीय परिसंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल मेश्राम ने कहा कि बाबा साहेब ने विभिन्न प्रकार की विसंगतियों व विषमताओं के बीच विविधतापूर्ण किन्तु विद्वतापूर्ण तरीके से विश्वसनीय व अतुलनीय संविधान की संरचना की जिससे भारत का प्रत्येक नागरिक लाभान्वित हुआ है।

इसलिए  हमे पूजा वंदना के स्थान पर एकजुट होकर संविधान का विधिसम्मत पालन कराने हेतु संकल्पबद्ध होना चाहिए। मुख्य अतिथि महादेव कावरे संभागायुक्त दुर्ग संभाग ने अपने उद्बोधन मे कहा कि मै बीजापुर बस्तर का एक साधारण सा नागरिक आज आईएएस होकर संभागायुक्त बन पाया हूं तो वह डा बाबा साहेब भीमराव आम्बेडकर के संविधान और उसमे मिले आरक्षण के प्रावधान के कारण बन पाया हूं।

पूरे वंचित समाज के विकास के पीछे भीम के संविधान की ताकत है और इस ताकत का हमें समाजहित में एकजुटता से सदुपयोग करना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन गोपीचंद खोब्रागड़े सचिव ने तथा आभार प्रदर्शन मल्हारी मेश्राम उपाध्यक्ष ने किया। समारोह के अंत मे महिला मंडल प्रमुख विद्या मेश्राम व अन्य द्वारा श्री कावरे को स्मृति चिन्ह व शाल भेंट कर उन्हे सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button