मैत्रीबाग के फ्लावर शो देखने दुर्ग-भिलाई सहित प्रदेश व अन्य राज्यों से पहुंचे बड़ी संख्या में लोग
![](https://sabkasandesh.com/wp-content/uploads/2023/02/flower-show-0.jpg)
निदेशक प्रभारी दास ने की तारीफ और कहा अगली बार से इसे दो दिवसीय करने का किया जायेगा विचार
रंग बिरंगी फूलों से महक उठा मैत्री बाग का कोना-कोना
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के मैत्री बाग का फ्लावर शो रविवार 5 फरवरी को आयोजित किया गया। इसका शुभारंभ सेल के प्रभारी निदेशक एवं बीएसपी के सीईओ अनिर्बान दास ने किया। इस दौरान उन्होंने इसका और बनाये गये आकर्षक चित्रकला और रंगोली का अवलोकन किया। अवलोकन करने के श्री दास बेहद प्रसन्न नजर आये और कहा कि फ्लावर शो देखने के बाद फ्लावर शो देखकर सुंदर लगा, मन खुश हो गया। इस शो में तरह-तरह के फूल सब्जियां औषधि गुण वाले पौधे कैक्टस का मिश्रण बहुत ही अच्छा है ,अच्छी बात है कि बच्चों ने अपने अपने कठिन परिश्रम से सुंदर सुंदर डिजाइन तैयार किए हैं सब्जियों के माध्यम से आकर्षक आकार बनाए हैं यह सभी प्राकृतिक नजारा देखने लायक है मुझे पूरा विश्वास है कि जब यह फ्लावर शो आज शाम को देखने भिलाई के सभी नागरिक पहुंचेंगे, उन्हें बड़ा ही आनंद आएगा । उन्होंने कहा कि 1 दिन का आयोजन समय के हिसाब से उचित नहीं है सब लोग देखने पहुंच नहीं पाते हैं इसलिए आगामी आयोजन 2 दिनों तक रखने के संबंध में विचार किया जा रहा है। परंतु हॉर्टिकल्चर विभाग ने बताया है कि बस केवल एक ही समस्या है दूसरे दिन फूल मुरझा जाते हैं लेकिन आयोजन दो दिवसी हो इसको लेकर इस समस्या का भी कुछ न कुछ उपाय किया जाएगा,
ज्ञातव्य हो कि भिलाई इस्पात संयंत्र के मैत्री बाग का फ्लावर शो दुर्ग-भिलाई ही नही पूरे छग के अलावा अन्य प्रदेश में भी चर्चित रहता है। यही कारण है कि रविवार 5 फरवरी को मैत्री बाग में आयोजित फ्लावर शो को देखने दुर्ग भिलाई ही नही बल्कि छग सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या मे लोग पहुंचे थे और इस शो के देखने के बाद सभी ने तारीफ की। इस फ्लावर शो के दौरान मैत्रीबाग का कोना-कोना आज रंग बिरंगी फूलों की खुशबू से महकता रहा। प्रतिवर्ष के भांति इस वर्ष भी मैत्री बाग में फ्लावर शो अथवा पुष्प प्रदर्शनी में कई कैटेगरी में फूलों के पौधों की प्रदर्शनी के साथ ही रंगोली आर्टिस्ट स्व आरके विकास के भाई विकास भीमा द्वारा एक से बढक़र एक रंगोली के दर्जनों कालाकृतियां लोगो को देखने मिली। आर्टिस्ट भीमा ने बताया कि वे पिछले 5 दिनों से रंगोली बनाने में लगे हुए है, जिसमें थ्री डी रंगोली में मैत्रीबाग के गेट, सीईओ के चित्र, नृत्यांगना, कोबरा नाग, नाश्ते की प्लेट, गुपचुप आदि को आकर्षक रंगों से बनाया गया है।
मैत्री बाग के अंदर कैंडल गार्डन के सामने फूलों व फलों की अलग-अलग प्रजातियों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में लगभग 40 से अधिक किस्म के फूलों का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन मैत्री बाग प्रबंधन ने किया था। मैत्री बाग के प्रभारी ने बताया कि इस फ्लावर शो में प्रतिभागियों ने फूल, फल, बुके समेत सब्जियों की भी प्रदर्शनी लगाई। फ्लावर शो का आयोजन करने का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण और फूलों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। ताकि लोगों में प्राकृति को लेकर जागरूकता आये। इस प्रतियोगिता में अलग-अलग गमलों में लगे कैक्टस, बोनसाई, क्रोटन, फोलियेज और मौसमी पौधों जैसे सेवंती, डहेलिया, गुलाब व अन्य फूलों को रखा गया था। इसके अलावा रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसके लिए भी छात्राओं एवं महिलाओं ने पंजीयन कराया था। बीएसपी कर्मियों के घरों के बगीचे में लगी विशेष सब्जियों और फलों का भी प्रदर्शन लगाया गया था।
चिडिय़ा घर में वन्य जीवों को देखने उमड़ी भीड़
पुष्प प्रदर्शनी का नजारा लेने पहुंचे पर्यटकों ने मैत्री बाग के चिडिय़ा घर का भी आनंद लिया। खासकर छोटे बच्चों के साथ पहुंचे पर्यटक वन्य जीवों को नजदीक से देखने उमड़ पड़े। बच्चों ने भी शेर भालू हिरण मगरमच्छ और विभिन्न प्रजाति के बंदरों को देख आनंद से भर उठे। पर्यटकों ने टॉय ट्रेन और नौका विहार का भी लुफ्त उठाया। मैत्री बाग के बाहर चौपाटी सा नजारा बना रहा।