भाई दूज क्यों मनाते है? जानें शुभ मुहूर्त

6 नवम्बर, 2021 (शनिवार)
भाई दूज का त्योहार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष द्वितीया के दिन मनाया जाता है इस दिन हर बहन अपने भाई को रोली एवं अक्षत से तिलक कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करती है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन देवी यमुना ने अपने भाई यमराज को पहली बार राखी बांधकर वचन मांगा था।
भाई दूज के अवसर पर बहन अपने भाई के लिए उसकी पंसदीदा मिठाई या व्यंजन तैयार करती है। उसके बाद भाई की आरती उतारकर मस्तक पर सिंदूर और चावल का तिलक लगाकर मिठाई खिलाते हुए अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती है और भाई उनके हमेशा रक्षा करने का वादा करते है।
भाई दूज का शुभ मुहूर्त
6 नवम्बर 2021 को भाई दूज है।
राखी बांधने का शुभ मुहूर्त – दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से दोपहर 3 बजकर 22 मिनट तक
शुभ मुहूर्त का कुल समय – 2 घंटे 12 मिनट
अगर कोई भाई बहन एक दूसरे से दूर रहते है या फिर किसी बहन के भाई नहीं है तो वो चंद्रमा से प्रार्थना कर सकते है।
गोवर्धन पूजा के अगले दिन मनाया जाना वाले भाई दूज को यम द्वितीया भी कहते है। पुराणों में भाई दूज से जुड़ी कई कहानियां मौजूद है, इसमें यमराज और उनकी बहन देवी यमुना की कहानी बहुत ही प्रसिद्ध है।
प्राचीन कथा अनुसार
देवी यमुना और यमराज में बड़ा ही स्नेह था। वह यमराज जी को अक्सर अपने घर पर भोजन के लिए आमंत्रित करती थी, परंतु यमराज अपने कार्यों में इतने व्यस्त थे कि कभी भी अपनी बहन के घर भोजन पर जा नहीं पाते थे। एक समय की बात है जब देवी यमुना ने कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया को यमराज जी को घर आने के लिए वचनबद्ध किया। तब यमराज जी यह सोचने लगे कि मैं तो सभी के प्राण हरता हूं और मुझे कोई घर नहीं बुलाता। मगर मेरी बहन तो मुझे इतने वर्षों से बुला रही है और उसका मुझे पालन करना चाहिए। ऐसी मान्यता है कि अपनी बहन के घर आते समय यमराज ने नरक में रहने वाले जीवों को मुक्त कर दिया। यमराज को अपने घर आते देख यमुना जी की प्रसन्नता का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने पूजा कर अपने भाई यमराज के लिए ढेर सारे व्यंजन बनाएं। यमुना द्वारा किए गए आतिथ्य से प्रसन्न होकर यमराज ने बहन को वरदान मांगने का आदेश दिया।
फिर यमुना जी ने यह वरदान मांगा कि यमराज प्रति वर्ष इसी दिन उनके घर आया करें और उनकी तरह जो बहन इस दिन अपने भाई का आदर सत्कार करके टीका करें उसे यमराज का भय कभी ना रहे।
यमराज ने तथास्तु कहकर यमुना जी को अमूल्य वस्त्र-आभुषण दिए और वापस यमलोक लौट गए।