छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

दो साल बाद इस्पात नगरी में मची गणेशोत्सव की धूम प्रसिद्ध स्थलों के प्रतिरुप वाले पंडाल बना लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र

भिलाई। कोरोना काल बीतने के बाद इस साल गणेशोत्सव को लेकर लोगों में बेहद उत्साह दिखाई दे रहा है, यही कारण है कि इस साल इस्पात नगरी भिलाई में गणेशोत्सव की धूम मची हुई है। शाम ढलने के साथ ही भगवान गणेश का दर्शन व पूजन के लिए लोग अपने पूरे परिवार के साथ निकल रहे हैं। प्रसिद्ध स्थलों के प्रतिरुप वाले पूजा पंडालों का जबरदस्त आकर्षण बिखरा हुआ है। देर रात तक सड़क से लेकर विभिन्न पंडालों तक लोगों की भीड़ से रौनक देखते बन रही है।

शहर में बीएसपी टाउनशिप के सेक्टर-2 में लगातार 38 वें वर्ष मनाए जा रहे गणेशोत्सव का नजारा देखने दूर दूर से लोग परिवार सहित पहुंच रहे हैं। यहां पर न्यू आजाद गणेशोत्सव समिति द्वारा ब्रेकिंग न्यूज थीम पर भव्य तरीके से पंडाल बनाया गया है। इस पंडाल को अखबारों में प्रकाशित समाचार के कतरन का उपयोग कर सजाया गया है। इसमें आंचलिक, प्रादेशिक और देश में सुर्खियों पर बनी समाचार की कतरन लगी हुई है। वहीं सेक्टर-1 में भव्य भूत बंगला का पंडाल बनाकर गणेशोत्सव मनाया जा रहा है। इसके अलावा सेक्टर.10 में मनाए जा रहे गणेशोत्सव स्थल पर भी दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

शिव मानस गणेशोत्सव समिति ने इस बार त्रिशुंड गणपति विराजित किया है। यह प्रतिमा पूना के नजदीक 640 साल पुराने स्वयंभू त्रिशुंड गणपति का प्रतिरुप है। वहीं पंडाल को मां सरकंडा देवी के प्राचीन मंदिर की तरह तैयार किया गया है। इसी तरह हुडको में महाराष्ट्र सांस्कृतिक मंडल द्वारा भगवान गणेश की 63 प्रतिमा विराजमान कर पूजा अर्चना की जा रही है। 62 मूर्तियां 3.3 फीट की है।

जबकि एक मुख्य मूर्ति 9 फीट ऊंची रखी गई है। भिलाई.3 चरोदा में भी गणेशोत्सव धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रेल नगरी चरोदा के जोन-2 में सेन्ट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत बनाए जा रहे नए संसद भवन के जैसा भव्य पंडाल बनाया गया है। इस पंडाल को देखते और भीतर विराजित भगवान गणेश का दर्शन करने देर रात तक लोगों का तांता लगा हुआ है। इसके अलावा सुपेलाए वैशाली नगरए केम्पए खुर्सीपारए जामुल और कुम्हारी क्षेत्र में भी गणेशोत्सव की की धूम मची हुई है।

मनोरंजन का भी है विशेष इंतजाम
गणेशोत्सव के लिए सजाए गए आकर्षक पंडालों के समीप दर्शनार्थियों के लिए मनोरंजन का भी विशेष इंतजाम समितियों के माध्यम से किया गया है। महिलाओं और बच्चों के लिए मनोरंजक खेलकूद, इंतजाम कर तरह तरह के झूले लगाए गए हैं। वहीं मीना बाजार भी लगाया गया है, जहां पर बच्चों के लिए खिलौने, महिलाओं के लिए श्रृंगार सामग्री व घरेलू उपयोग की चीजें बिक रही है। इसके अलावा फास्टफुड और कई प्रकार से स्वादिष्ट खाद्य सामग्रियों के स्टाल लगाये गये है। प्राय: सभी बड़े गणेशोत्सव स्थल पर चौपाटी लगने से दर्शन के लिए शाम को घर से निकलने वालों को खानपान की चीजें आसानी से उपलब्ध हो रही है।

Related Articles

Back to top button