दुर्ग का ह्रदय स्थल अब जगमगाने लगा है दुधिया रौशीन से

दुर्ग। राज्यसभा सांसद मोतीलाल वोरा की विकास निधि से मिले राशि के कारण पुराना बस स्टैंड दूधिया रौशनी से जगमगाने लगा है। यहां 6 लाख की लागत से 100-100 वाट के 18 लाइट और 3 पोल लगा कर 12 लाइट लगाई गई है। पुराना बस स्टैंड शहर का प्रमुख हृदय स्थल है और यहां राजनैतिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन होने के कारण हजारों लोगों का आवागमन होता है। नई प्रकाश व्यवस्था का काम पूरा होने के बाद विधायक अरुण वोरा ने गुरुवार को लोकार्पण किया। सांसद वोरा ने विधायक की अनुसंशा पर एलईडी लाइट लगाने की स्वीकृति दी थी।
इस मौके पर वोरा ने कहा कि पुराना बस स्टैंड जगमगाने से लोगों को सुविधा मिलेगी। वार्डों और चौक चौराहों में शासन से मिले 996 एलईडी लाइट से भी दुर्घटना रुकेगी। असामाजिक तत्वों से राहत मिलेगी। अब नए बस स्टैंड को भी दूधिया रौशनी से जगमगाने का काम किया जाएगा। शहर के सभी प्रमुख चौक चौराहों का सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था के साथ शहर का चौमुखी विकास करना प्रमुख लक्ष्य है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि नगर निगम दुर्ग में सत्ता में बैठे भाजपा के लोग सिर्फ घोषणावीर हैं। करोड़ों का कार्य करवाने का दम भरते रहे लेकिन शहर के सभी विकास कार्य राज्यसभा सांसद मोतीलाल वोरा और विधायक अरूण वोरा की निधि से हो रहे हैं। जनता को अब अंधेरे से छुटकारा दिलाने का काम किया जा रहा है। लोकार्पण कार्यक्रम में वार्ड पार्षद भोला महोबिया, सभापति राजकुमार नारायणी, एएसपी नवीन शंकर चौबे, प्रकाश गीते, अजय दुबे, ईश्वर सिंह राजपूत, नंदू महोबिया, अबरार पुवार, विवेक मिश्रा, इलियास चौहान, आमीर तिगाला सहित व्यवसायी उपस्थित थे।