Uncategorized

*स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित*

बेमेतरा:- बेमेतरा जिले में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय योजना अन्तर्गत विगत सत्र् से शासकीय शिवलाल राठी उत्कृष्ट विद्यालय बेमेतरा, शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय बेरला, शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय देवकर एवं शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय नवागढ़ संचालित है। सत्र् 2022-23 से बेमेतरा जिला मुख्यालय में स्थित शासकीय कन्या उ.मा.वि.बेमेतरा को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय के रूप में संचालित किया जायेगा। जिले के 04 अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षा सत्र् 2022-23 के लिए कक्षाओं में छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाना है तथा शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बेमेतरा में केवल छात्राओं को प्रवेश दिया जायेगा।

बेमेतरा जिले में संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में चारो विकासखण्डों में पूर्व से संचालित सी.बी.एस.ई पाठ्यक्रम के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों कक्षा 5वीं एवं कक्षा 8वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को कक्षा 6वीं एवं 9वीं में प्राथमिकता से प्रवेश दिया जायेगा। महतारी दुलार योजना अन्तर्गत कोराना महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों को विशेष प्राथमिकता से प्रवेश दिया जायेगा। प्रवेश हेतु आवेदन पत्र के साथ पालक का मृत्यु प्रमाण पत्र संलग्न किया जाना अनिवार्य होगा। प्रवेश हेतु निर्धारित प्रत्येक कक्षा में रिक्त सीटों के 50 प्रतिशत सीटों पर छात्राओं का चयन किया जायेगा। बालिकाओं की पर्याप्त संख्या नही मिलने पर बालकों से सीट भरी जा सकेगी। बी.पी.एल. एवं आर्थिक रूप से कमजोर पालकों के बच्चों को कुल रिक्त सीट के 25 प्रतिशत सीटों के विरूद्ध प्रवेश दिया जाएगा। पालकों को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। कुल रिक्त पदों के 25 प्रतिशत सीटों पर आवेदक बच्चों का प्रवेश लॉटरी सिस्टम से होगा अर्थात कम्प्यूटर के माध्यम से रेंडमली चयन किया जायेगा। स्कूल की क्षमता अनुसार प्रवेश देने का अधिकार कलेक्टर की अध्यक्षता वाले सोसायटी को होगा। रिक्त सीट के विरूद्ध अधिक पात्र आवेदक होने पर लॉटरी से चयन किया जायेगा। कक्षा पहली में प्रवेश हेतु विद्यार्थी की आयु 31 मई 2022 की स्थिति में 05 वर्ष 06 माह से 6 वर्ष 6 माह के मध्य होनी चाहिये। जिले के सेजेस स्कूलों में प्रवेश हेतु आवेदन दिनांक 05 अप्रैल 2022 से अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2022 तक की जा सकेगी। इन विद्यालयों में प्रवेश हेतु आवेदन ऑनलाईन माध्यम से किया जा सकेगा। एक विद्यार्थी केवल एक विद्यालय हेतु ही आवेदन कर सकेगा। अधिक आवेदन की स्थिति में लॉटरी के माध्यम से सीट का आबंटन 01 मई 2022 से 05 मई 2022 तक किया जायेगा तथा प्रवेश की अन्य कार्यवाही 05 मई 2022 से 10 मई 2022 तक किया जायेगा। उसी विद्यालयों में पूर्व से अध्ययनरत छात्रों को अगली कक्षा में प्रवेश हेतु आवेदन की आवश्यकता नहीं होगी। जिले के चारो अंग्रेजी मााध्यम विद्यालयों में कक्षा पहली में निर्धारित सीट संख्या 40 के विरूद्ध प्रवेश दिया जायेगा तथा कक्षा 11वीं में कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम के आधार पर रिक्त सीटो पर गणित/जीवविज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में प्रवेश दिया जायेगा। जिला शिक्षा अधिकारी, श्री अरविन्द कुमार मिश्रा ने जिले के पालकों एवं विद्यार्थियों से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम/हिन्दी माध्यम विद्यालय योजना अन्तर्गत जिले में संचालित उक्त 05 विद्यालयों में सम्पर्क कर समय-सीमा में आवेदन जमाकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button