दुष्कर्म आरोपी सहायक कुलसचिव यूनिवर्सिटी में छुट्टी का आवेदन कर फरार

सबका संदेश न्यूज़ छत्तीसगढ़ बिलासपुर- दुष्कर्म का आरोपी अटल बिहारी विश्व विद्यालय का सहायक कुल सचिव चुन्नीलाल टंडन फरार हो गया है। पुलिस टीम मंगलवार को आरोपी को पकड़ने के लिए तड़के चार बजे उसके निवास पर गई जहां पर ताला लगा था। इसके बाद तीन बार यूनिवर्सिटी गई, लेकिन पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। पुलिस आरोपी की तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है। सहायक कुलसचिव पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
यूनवर्सिटी प्रबंधन से दो माह का अवकाश मांगा है आरोपी प्रोफेसर ने
महिला तीन साल से अटल यूनिवर्सिटी के सहायक कुल सचिव चुन्नीलाल टंडन के संपर्क में थी। पति को छोड़ चुकी महिला का आरोप है कि सहायक कुलसचिव ने उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ रखा और दुष्कर्म करता रहा। बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया। इस बीच महिला ने सहायक कुलसचिव को एक अन्य महिला के साथ घूमते देखा। लगातार प्रयास करने के बाद जब आरोपी ने उससे बात नहीं की तो उसने महिला थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई।
महिला थाना पुलिस गिरफ्तार करने के लिए तड़के 4 बजे सहायक कुल सचिव टंडन के रिंग रोड 2 पर स्थित उनके निवास पर पहुंची। वहां बाहर ताला लगा हुआ था। उसके बाद भी पुलिस वहां काफी देर खड़े रहकर निवास स्थान को सर्च करती रही। वहां से कोई नहीं मिला। मंगलवार सुबह महिला थाना पुलिस की टीम अटल बिहारी यूनिवर्सिटी पहुंची। पुलिस आरोपी के कक्ष की जांच करने गई तो दरवाजे पर ताला लगा था। सुरक्षा गार्ड से आरोपी के संबंध में पूछताछ की, लेकिन उसने कोई भी जानकारी होने से इंकार कर दिया।
इसके बाद पुलिस लौट गई। दोपहर 1.30 बजे पुलिस दूसरी बार विश्व विद्यालय पहुंची। इस बार भी पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। शाम करीब 3.30 बजे तीसरी बार पुलिस पहुंची। फिर से आरोपी के कमरे तक गई। पर वहां कोई नहीं मिला। दुष्कर्म का आरोपी चुन्नीलाल टंडन गिरफ्तारी से बचने के लिए यूनिवर्सिटी से दो महीने के अवकाश मांगा है। वह आवेदन पत्र प्रबंधन को देकर चला गया है। पुलिस ने प्रबंधन से पूछताछ की तब छुट्टी के संबंध में पता चला। आरोपी ने आवेदन पत्र में अवकाश का क्या कारण बताया है। इस बारे में प्रबंधन ने जानकारी देने से इंकार कर दिया।
विज्ञापन समाचार हेतु सपर्क करे-9425569117/9993199117