महिला समूह द्वारा निर्मित हर्बल गुलाल से मिलेगी फूलों की खुशबू
![](https://sabkasandesh.com/wp-content/uploads/2021/03/03-3.jpeg)
महिला समूह द्वारा निर्मित हर्बल गुलाल से मिलेगी फूलों की खुशबू
महिला समूह द्वारा हल्दी, गुलाब, गेंदा जैसे प्राकुतिक वस्तुओं से तैयार किये गये हर्बल गुलाल, लोगों को कर रहें आकर्षित
कवर्धा, 19 मार्च 2021। कबीरधाम जिले के महिला स्व. सहायता समूह के दीदियों द्वारा भोरमदेव हर्बल गुलाल अलग-अलग आकर्षक रंगों में बहुत से स्थानों पर विक्रय किया जा रहा है। विकासखण्ड बोड़ला के ग्राम राजानवागांव स्थित जय गंगा मैया महिला स्व. सहायता समूह द्वारा हल्दी, गेंदाफूल, चूकुंदर, पालक आदि प्राकृतिक चीजों से हर्बल गुलाल को विभिन्न रंगों में तैयार किया गया है। कलेक्ट्रेट परिसर, जिला पंचायत, जनपद पंचायत कवर्धा, जनपद पंचायत बोड़ला, बिहान मार्ट पोड़ी एवं सुमित बाजार कवर्धा में महिला समूह द्वारा बनाए गए हर्बल गुलाल लोगों के लिए उपलब्ध है। होली के अवसर पर हर्बल गुलाल निर्माण का कार्य महिला समूह द्वारा लगातार विगत कुछ वर्षो से किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी अनुसार हर्बल गुलाल के उपयोग से स्वास्थ्य पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है, आखो में जाने से जलन नहीं होती है एवं बालों को नुकसान नहीं होता है।
महिला समूह द्वारा भोरमदेव हर्बल गुलाल को घर-घर पहुचानें के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध
महिला समूह द्वारा बनाए गए हर्बल गुलाल कवर्धा के बाजार में ऑनलाइन मार्केटिंग के द्वारा भी लोगों को उपलब्ध हो इसके लिए चीनू गोली एप्प के द्वारा विक्रय किया जा रहा है। महिला स्व. सहायता समूह द्वारा कवर्धा में बने हर्बल गुलाल की घर पहुंच सेवा ऑनलाइन के माध्यम से भी लोगों को मिल रहीं है। प्राकृतिक वस्तुओं से निर्मित हर्बल गुलाल से रंगों कि होली को उत्साह पूर्वक मनाने के लिए एप्प की सहायता से प्राप्त किया जा सकता है।
हर्बल गुलाल से और भी रंग बिरंगी होगी होली-सीईओं श्री दयाराम
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय दयाराम के. ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत संचालित जय गंगा मैया महिला स्व. सहायता समूह द्वारा हल्दी गेंदाफूल, चूकुंदर, पालक, अनार, गुलाब जैसे प्राकृतिक फलों और फूलों से जैविक गुलाल तैयार किया गया है, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है तथा इसके उपयोग से नुकसान नहीं होता है। उन्होंने बताया कि होली पर्व के अवसर पर महिला समूह द्वारा तैयार इस हर्बल गुलाल को इस सप्ताह से विक्रय के लिए बाजार में उतारा गया है तथा अब तक समूह की महिलाओं द्वारा 15 हजार रूपए से अधिक की बिक्री किया गया है। शहर के विभिन्न स्थानों में हर्बल गुलाल को क्रय किया जा रहा है जो कि बाजार में मिलने वाले अन्य रंगों की तुलना में सस्ता एवं स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है।