उत्तरी हवाओं के असर से ठिठुरन बढ़ी, रात का तापमान कम हुआ
देश में आने वाली उत्तरी हवाओं के कारण बीते चौबीस घंटों में जिले में ठिठुरन बढ़ गई है। साथ ही आउटर क्षेत्रों में घना कोहरा भी छाने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में ये उत्तरी हवाएं ठंड और बढ़ाने वाली हैं। क्षेत्र के कुछ इलाकों में तो शीतलहर की स्थिति आ गई है। बाकी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड में और बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग का कहना है कि न्यूनतम तापमान गिरने के साथ ही कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा भी छाएगा। मौसम विभाग ने शीतलहर को देखते हुए लोगों को सतर्कता बरतने भी कहा है। जिले में सबसे कम न्यूनतम तापमान चिल्फी में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कवर्धा में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञानी के अनुसार न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से ठंड और बढ़ने वाली है। उत्तरी हवाओं के कारण ऐसा हो रहा है। अगले चौबीस घंटों में भी मौसम ऐसा ही रहेगा
साफ रहेगा आसमान
ठंड बढ़ने के साथ ही कवर्धा शहर और जिले के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान पूरी तरह से साफ रहने के आसार हैं, लेकिन शीतलहर वाले क्षेत्रों में निश्चित रूप से घना कोहरा देखना को मिलेगा। कोहरे का असर आउटर क्षेत्रों में भी दिखेगा। ठंड बढ़ने के साथ अब एक बार फिर से गर्म कपड़े संस्थानों में ग्राहकों की भीड़ दिखने लगी है और कारोबारी भी अपना स्टाक मंगाने लगे हैं। गर्म कपड़ों पर इन दिनों 30 से 40 फीसद तक का आफर दिया जा रहा है।
जनवरी के पहले हफ्ते में गर्मी जैसा रहा असर
जनवरी में माघ महीने तक ठंड का एहसास होता है, लेकिन इस साल जनवरी में ही मार्च की शुरुआत जैसी गर्मी महसूस होने लगी थी। दिन का तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका था और रात में भी पारा 20 डिग्री से अधिक था। दोनों तापमान सामान्य से छह से आठ डिग्री ज्यादा है। रात का तापमान एक से तीन डिग्री तक गिर गया था। हालांकि दिन के तापमान में डेढ़ से 5 डिग्री की बढ़ोत्तरी हो गई थी। न्यूनतम तापमान गिरने के बावजूद ज्यादातर स्थानों से ठंड गायब था। लेकिन अब फिर से ठंड की वापसी हो रही है।