कवर्धा जिले में दो साल पहले हुए अंधे कत्ल की सुलझी, आठ आरोपित गिरफ्तार

दो साल पहले हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में तरेगांव पुलिस को सफलता मिली है। इस मामले में आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 26 दिसंबर 2018 की है। रात में हरीराम बैगा पिता सुदुराम बैगा (28) ग्राम कुरलूपानी को कवर्धा न्यायालय से पेशी से वापस घर आते समय अकेला पाकर अज्ञात आरोपितों द्वारा गला घोंटकर हत्या कर साक्ष्य छुपाने के नीयत से मृतक की लाश को महुआकोना नाला के उपर डाल दिया गया था। दूसरे दिन ग्राम जोकपानी के लोगों ने अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना थाने में दी थी। मृतक के शव का पीएम रिपोर्ट में गला घोट कर हत्या करना पाए जााने पर अपराध पंजीबद्घ कर विवेचना में लिया गया था, तब से पुलिस द्वारा लगातार अज्ञात आरोपितों के बारे में पतासाजी की जा रही थी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। इसे लेकर टीम गठित कर टीम को आवश्यक निर्देश देकर नए सिरे से जांच करने के निर्देश दिए गए। संयुक्त जांच टीम द्वारा विवेचना दौरान घटना के हर पहलुओं का बारीकी से परीक्षण कर संदिग्धों से पुनः पूछताछ करने पर जोंकपानी होली राम पिता भगउ मसकोले, लल्ला राम पिता अमर सिंह पन्द्राम, जोहन सिंह, मोहन सिंह पिता डोंगर सिंह श्याम, खेदू सिंह पिता भंवर सिंह पन्द्राम, सुनउ राम पिता राम सिंह श्याम, शत्रुहन सिंह पिता स्व भुलउ राम धुर्वे और भगवान सिंह पिता होली राम मसकोले ने हरीराम बैगा को अकेला पाकर हत्या करना स्वीकर किया। पुलिस ने बुधवार को आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त दो मोटर साइकिल को जब्त किया। इस कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी बोडला अजीत ओगरे, अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया नरेंद्र बेताल के नेतृत्व में संपूर्ण विवेचना में थाना प्रभारी पंडरिया निरीक्षक केके वासनिक, थाना कुंडा प्रभारी निरीक्षक मुकेश सोम, थाना तरेगांव जंगल उप निरीक्षक, मनोज कुमार साहू व थाना स्टाफ तरेगाव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।