रिसाली निगम क्षेत्र का नेवई डेम और हिंद तालाब में होगा गणेश प्रतिमा का विसर्जन

भिलाई। दस दिनों की अराधना के बाद गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने का दौर सोमवार से शुरू हो गया है। प्रतिमा विसर्जन प्रक्रिया शुरू होने से पहले अपर कलेक्टर व रिसाली निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर रिसाली निगम के नोडल अधिकारी रमाकांत साहू ने नेवई डेम और रिसाली स्थित हिंद तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान तालाब व डेम में बेरेकेटिंग करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि निगम प्रशासन ने गणेश प्रतिमा विसर्जन करने के लिए नेवई डेम व हिंद तालाब को आरक्षित किया हैं। हिंद तालाब व डेम में पानी अधिक होने की वजह से बेरिकेटिंग किया गया है। वहीं रात में प्रतिमाओं को विसर्जन करने में किसी तरह की तकलीफ न हो इसलिए प्रकाश व्यवस्था की गई है। अपर कलेक्टर व निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने प्रतिमा लेकर तालाब व डेम पहुंचने वालों से गहराई में न जाने की अपील की हैं।
तालाब में कर्मचारी तैनात
लगातार बारिश होने की वजह से डेम व तालाब में पानी अधिक है। किसी तरह की अनहोनी न हो इस वजह से निगम प्रशासन ने हिंद तालाब में दो कर्मचारी की ड्यूटी लगाई है। जो तालाब में जबरदस्ती प्रवेश व उछल कुद करने वालों पर नजर रखेंगें।
मास्क किया अनिवार्य
कोविड-19 निममों के तहत मास्क लगाना अनिवार्य है। बिना मास्क के गणेश प्रतिमा को लेकर विसर्जन करने वालों पर निगम को अधिकारी कर्मचारी नजर रखेंगें। मास्क का उपयोग नहीं करने पर जुर्माना वसूल किया जाएगा।