छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

लॉकडाउन के पहले दिन भिलाई-दुर्ग में दोपहर बाद पसरा सन्नाटा

लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर लगाया गया जुर्माना

मार्निंगवॉक रोकने सुबह चार बजे से ही सक्रिय रही टीमें

भिलाई। दुर्ग जिले में 29 जुलाई तक के लिए लॉकडाउन का आज से आगाज हो गया। दोपहर 12 बजे तक सब्जी बाजार खुले रखने की दी गई छूट के चलते लोगों की चहल-पहल आंशिक रूप से शहर के विभिन्न इलाकों में बनी रही। लेकिन इसके बाद इक्का-दुक्का अंदरुनी इलाकों को छोड़ भिलाई-दुर्ग सहित भिलाई-3, चरोदा, कुम्हारी और जामुल निकाय क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया। फोरलेन सहित अन्य प्रमुख आवाजाही वाली सड़कों पर मालवाहक वाहनों की छोड़ अन्य निजी वाहन गुजरते कम नजर आये। लोग स्वस्फूर्त होकर लॉकडाउन का समर्थन करते दिखे। कहीं-कहीं पर लॉकडाउन में लागू नियम व शर्तो का उल्लघन की स्थिति में निगम व पालिका द्वारा जुर्माना वसूली की कार्यवाही को अंजाम दिया गया।

भिलाई निगम क्षेत्र के रामनगर स्थित छोटू होटल में अनेक लोगों को सुबह की तफरीह के बाद चाय पीते निगम की छापामार टीम ने धरदबोचा होटल संचालक के साथ ही वहां बैठकर चाय पीे लोगों पर जुर्माना लगाकर छोड़ा गया। इसी तरह भिलाई-3 के चहल पहल डेली नीड्स और सुभाष होटल के खिलाफ भी लॉकडाउन का उल्लंघन पाये जाने पर निगम की टीम ने चालान काटकर जुर्माना वसूला।

गौरतलब रहे कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते सिलसिले को रोकने जिला प्रशासन ने दुर्ग जिले के सभी निकाय क्षेत्र में 23 से 29 जुलाई तक लॉकडाउन घोषित किया है। इस बार मार्निंग वॉक पर भी कड़ाई से रोक लगाया गया है। इसके लिए पुलिस और निकायों की टीम आज सुबह भोर होने से पहले ही चौक-चौराहों से लेकर सड़क व उद्यानों के आसपास सक्रिय रही। डेयरी तथा मांस-मटन की दुकानें 9 बजे तक खोले जाने के निर्देश के बावजूद इसके उल्लंघन पर भी कई जगहों पर कार्यवाही की गई। इस बार किराना दुकानों को पूरी तरह से बंद रखने क फरमान होने से शहर की सभी बाजारों में 12 बजे सब्जी दुकानों के बंद हो जाने के बाद सन्नाटा पसर गया।

देर रात तक सड़क पर मुस्तैद रही ट्रेफिक पुलिस

लॉकडाउन में बेवजह वाहन लेकर बाहर घूमने वालों पर लगाम लगाने सुबह से लेकर देर रात तक ट्रेफिक पुलिस मुस्तैद रही। खास तौर से दोपहर बारह बजे के बाद एक दम सख्ती बरतते दिखी। केवल मेडिकल व इमरजेंसी सेवा को छोड़कर बाकी अन्य लोगों के खिलाफ कार्यवाही भी की। ट्राफिक पुलिस सड़कों पर बिना किसी कारण के आवाजाही करने वालों क खलाफ चालानी कार्यवाही की गई। इस तरह की कार्यवाही 29 जुलाई तक चलती रहेगी।

Related Articles

Back to top button