छत्तीसगढ़

कलेक्टर के गनमैन से वकीलों का विवाद, गन दिखाकर धमकाने का लगाया आरोप

सबका संदेश न्यूज छत्तीसगढ़ रायपुर- कलेक्टोरेट परिसर में एसपी दफ्तर के ठीक सामने शुक्रवार को दोपहर दो बजे कलेक्टर के गनमैन और वकीलों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ा कि वकीलों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस अफसरों ने बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराया। वकीलों का आरोप है कि गनमैन में गन दिखाकर धमकाने की कोशिश की। हंगामे के दौरान गनमैन को किसी तरह वहां से भीतर ले जाया गया। बाद में बार कौंसिल के उपाध्यक्ष संजय शर्मा के नेतृत्व में वकीलों ने कलेक्टर, आइजी और एसएसपी से घटना की शिकायत कर गनमैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के मुताबिक कलेक्टर डॉ.बासव राजू की गाड़ी को ड्राइवर पीछे कर रहा था, तभी पीछे खड़े वकील राकेश दुबे की कार उससे टकरा गई। इस पर वकील और चालक के बीच कहासुनी हो गई। इस बीच कलेक्टर के गनमैन ने सामने आकर बुजुर्ग चालक के साथ विवाद न करने की समझाश दी। इसे लेकर विवाद बढ़ गया। वहां पर कई अन्य वकील भी आ गए। गनमैन से उनकी भी बहसबाजी होने लगी। वकीलों का आरोप है कि गनमैन ने धमकाने वाले अंदाज में अपने सर्विस रिवाल्वर निकाल ली थी। इसे लेकर जमकर हंगामा हुआ। शोर-शराबा होते देखकर एडिशनल एसपी ग्रामीण तारकेश्वर पटेल समेत अन्य पुलिस अधिकारी दफ्तर से बाहर निकलकर वकीलों को समझाइश देने लगे। विवाद बढ़ता देखकर गनमैन को कलेक्टोरेट के भीतर ले जाया गया। बाद में बार कौंसिल के उपाध्यक्ष संजय शर्मा के नेतृत्व में वकीलों ने गनमैन पर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अफसरों को ज्ञापन सौंपा।

वकील राकेश दुबे ने बताया कि उनकी गाड़ी में स्क्रेच आ गया। कलेक्टर के ड्राइवर को समझाइश दी तो गनमैन ने उसका बचाव करते हुए बदसलूकी और गाली-गलौज की। फिर सर्विस रिवाल्वर निकालकर जान से मारने की धमकी देने लगा।

 

 

 

विज्ञापन समाचार हेतु सपर्क करे-9425569117/9993199117

Related Articles

Back to top button