Uncategorizedखास खबर

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सहकारी समिति ने किया श्रेष्ठ महिला बुनकरों का सम्मान

अंतरर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सहकारी समिति ने किया श्रेष्ठ महिला बुनकरों का सम्मान

अपने प्रेरणाश्रोत का मनाया जन्मदिन

महिलाओं के बुने कपड़े खरीदने शहीद अस्पताल तैयार

रमेश मित्तल / दल्लीराजहरा
अपने गठन के दो वर्षों में ही राजहरा महिला बुनकर सहकारी समिति 70 से अधिक परिवारों के रोजी-रोटी की व्यवस्था करने में सफल हो गई है। बालोद जिला सहकारी संघ द्वारा दो वर्ष पूर्व इसी सभागार में प्रथम बैठक आयोजित कर महिलाओं को स्वावलंबन की दिशा में कदम बढ़ाने प्रेरित किया गया था। इन दो वर्षों में समिति का पंजीयन, महिलाओं का प्रशिक्षण, राज्य हाथकरघा संघ से सम्बद्धता, स्वयं का ताना ड्रम, कार्यशाला व कार्यालय स्थापना जैसे अनेक कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए। अब समिति की महिलाओं को स्कूल ड्रेस के कपड़े बुनाई से हटकर, नवाचार अपनाने का समय आ गया है। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ व बालोद जिला सहकारी संघ अध्यक्ष झुनमुन गुप्ता ने यह उद्गार राजहरा महिला बुनकर सहकारी समिति द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में व्यक्त किया गया। इसी समारोह में झुनमुन गुप्ता का जन्मदिन भी केक काटकर मनाया गया।
कार्यक्रम में शहीद अस्पताल के प्रमुख चिकित्सक डॉक्टर शैबाल जाना, पूर्व विधायक व छमुमो अध्यक्ष जनक लाल ठाकुर, छत्तीसगढ़ माइंस श्रमिक संघ अध्यक्ष गणेश राम चौधरी, समिति की पदाधिकारी व सदस्य महिलाएं, मास्टर ट्रेनर व प्रबंधक उपस्थित थे।
_*समिति के बुने हुए कपड़े खरीदने शहीद अस्पताल तैयार – डाॅ. जाना*_
शहीद अस्पताल के मुख्य चिकित्सक डॉक्टर शैबाल जाॅना, राजहरा महिला बुनकर सहकारी समिति गठन के पूर्व से आयोजित बैठकों में लगातार शामिल होते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समिति ने अपने दो वर्ष के अल्प काल में लोगों को रोजगार देने के साथ-साथ जो उपलब्धियां हासिल की है वह निश्चित ही सराहनीय है। शहीद अस्पताल में भी सूती बेडशीट, पिलो कवर, पर्दा क्लॉथ, एप्ररान, क्रेप बैंडेज जैसी चीजों की लगातार जरूरत होती है। राजहरा महिला बुनकर समिति यदि सप्लाई देती है तो शहीद अस्पताल इन्हें अवश्य ही क्रय करेगा।
_*राज्य सहकारी संघ अध्यक्ष का मनाया जन्मदिन*_
हाथकरघा पर बुनाई से स्वावलंबन के लिए सहकारी समिति गठित करने की प्रेरणा देने, पंजीयन, प्रशिक्षण से लेकर वर्तमान तक की सभी आवश्यकताओं व व्यवस्था में प्रत्यक्ष सहयोग देने वाले बालोद जिला सहकारी संघ अध्यक्ष झुनमुन गुप्ता से मिले मार्गदर्शन को हम कभी भुला नहीं सकते। इसीलिए राजहरा महिला बुनकर सहकारी समिति से जुड़ी महिलाएं अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर अपने प्रेरणास्रोत झुनमुन गुप्ता का जन्मदिन भी मनाती आ रही हैं। बुनकर समिति की प्रबंधक कुमारी कीर्ति साहू ने उक्त जानकारी देते हुए कहा कि इसी कड़ी में आज के आयोजन के लिए हम सभी यहां एकत्र हुए हैं। झुनमुन गुप्ता का जन्मदिन केक काटने के साथ-साथ शाल व श्रीफल तथा लीची का पौधा भेंट कर मनाया गया। समिति की श्रेष्ठ महिला बुनकरों का भी शाल, श्रीफल से सम्मान किया गया। सम्मान पाने वालों में भोलेश्वरी साहू, विशाखा ठाकुर, नीलम ठाकुर, उत्तरा यादव, भूमिका देवांगन व मास्टर ट्रेनर व्यास नारायण देवांगन शामिल थे।


अपने आसपास की खबर अपने मोबाइल पर सबसे पहले पाने के लिए सब्सक्राइब बटन जरुर दबाये, ताकि हमारा सभी समाचार आप तक सबसे पहले पहुचे !

Related Articles

Back to top button