केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग,झुलसे दो कर्मचारी
![](https://sabkasandesh.com/wp-content/uploads/2020/04/aag-2.jpg)
बिजली शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
झलसे दो कर्मचारी सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती
भिलार्ई। औद्योगिक क्षेत्र हथखोज स्थित श्याम केमिकल इंडस्ट्रीज में आज अलसुबह आग लग गई। आगजनी की इस घटना में झुलसे दो कर्मचारियों को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में लाखों रुपए के नुकसान की संभावना जताई जा रही है। मामले में भिलाई-3 पुलिस ने विवेचना शुरू कर दिया है।
गर्मी के मौसम में तापमान के इजाफा होते ही आगजनी की शुरुवात हो गई है। आज सुबह 6 बजे के आसपास औद्योगिक क्षेत्र हथखोज में स्थित श्याम केमिकल इंडस्ट्रीज में अचानक आग लग गई। आग लगने की वजह बिजली शार्ट सर्किट को माना जा रहा है। केमिकल फैक्ट्री होने से आग तेजी से भभकने लगा और चपेट में आकर दो कर्मचारी झुलस गया। जानकारी मिलते ही बाजू में स्थित सुप्रीम इंडस्ट्रीज के कर्मचारी जगजीत सिंह, सूरज व रुपकुमार ने अपनी फैक्ट्री के फायर सेफ्टी सिस्टम का उपयोग कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बताया जाता है कि श्याम केमिकल फैक्ट्री में तारकोल बनाने का काम होता है। फैक्ट्री परिसर में ज्वलनशील पदार्थों का फैलाव बने रहने से थोड़ी सी भी लापरवाही बड़ी आगजनी का कारण बनती रही है। इस फैक्ट्री मेंं आगजनी की सूचना के बाद भिलाई-3 पुलिस की टीम ने पहुंचकर जायजा लिया। फैक्ट्री कमल चौहान नामक उद्योगपति की है। उनसे पूछताछ के बाद ही नुकसान का वास्तविक आंकड़ा सामने आ सकेगा।
श्याम केमिकल में पहले भी लगी है आग
हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्याम केमिकल फैक्ट्री में आगजनी की कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इस फैक्ट्री में आग लग चुकी है। एक-दो साल के अंतराल में केमिकल फैक्ट्रियों में होने वाली आगजनी की घटनाओं पर कई बार संदेह भी उभरता है। श्याम केमिकल के आसपास कई और भी केमिकल फैक्ट्रिीयां है जहां प्राय: आगजनी की घटनाएं होती रहती है। आगजनी की इन घटनाओं के पीछे किसी प्रकार का स्वार्थ छिपे रहने की संभावनाओं पर भी चर्चा सरगर्म हो जाती है। ऐसी आगजनी की घटनाओं में मजदूरों के हताहत होने पर पुलिस को विवेचना में लेकर कार्यवाही करना चाहिए।