छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने की कृषि विभाग के कामकाज की समीक्षा मक्का फसल लेने किसानों को करें प्रोत्साहित-कलेक्टर श्री एल्मा 

कलेक्टर ने की कृषि विभाग के कामकाज की समीक्षा
मक्का फसल लेने किसानों को करें प्रोत्साहित-कलेक्टर श्री एल्मा 
नारायणपुर सबका संदेस न्यूज़ छत्तीसगढ़– कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा ने आज कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में कृषि विभाग के मैदानी अमले की बैठक ली। बैठक में उन्होंने शासन द्वारा किसानों के हितों के लिए चलायी जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की बारी-बारी से समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों से प्रधानमंत्री किसान लाभार्थियों के लिए रियायती संस्थागत ऋण की सुविधा के लिए किसान क्रेडिट कार्ड बनाने हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत् अब तक जिले के प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली तथा प्राप्त आवेदनों एवं शेष किसानों का शीघ्र किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। कलेक्टर श्री एल्मा ने राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजना नरवा, गरवा, घुरूवा और बाड़ी योजना की भी विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही चारागाह की स्थिति, जैविक खाद की मात्रा, विभागीय मद द्वारा वर्मी टांका निर्माण आदि की प्रगति के संबंध में विस्तृत चर्चा की 
बैठक में कलेक्टर श्री एल्मा ने कहा कि अन्य जिलों की तुलना में जिले में मक्का की फसल कम ली जाती है। इसके फसल रकबा में वृद्धि हेतु मैदानी अमला कृषकों से व्यक्तिगत रूप से मिलें और उन्हें इस फसल के फायदों को बतायें और किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश कृषि विस्तार अधिकारियों को दिये। जिले में सिंचाई साधनों में वृद्धि करने के लिए कृषि एवं क्रेड़ा विभाग के सहयोग से किये जा रहे कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने रबी फसल वर्ष 2019-20 के क्षेत्राच्छादन, बीज भंडारण एवं वितरण की जानकारी, रबी फसल वर्ष 2019-20 के लिए उर्वरक भंडारण एवं वितरण, मिनीकिट वितरण की प्रगति एवं क्षेत्राच्छादन की प्रगति, मक्का फसल क्षेत्राच्छादन में बीते वर्ष की तुलना में आयी प्रगति, प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना सहित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत ऋणी एवं अऋणी कृषकों की बीमा की जानकारी सहित अन्य विषयों के बारे में विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संयुक्त संचालक श्री एम.एस.ध्रुव, सहायक संचालक कृषि पी.डी. मंडावी सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। 
विज्ञापन समाचार के लिए सपर्क करे-9425569117/7580804100

Related Articles

Back to top button