राज्य सरकार के प्रतिबंध के बावजूद ढाबा में चल रहा था हुक्का बार
![](https://sabkasandesh.com/wp-content/uploads/2020/02/pulice-ka-hukkabar-me-chhapa.jpg)
पुलिस ने की कोटप्पा एक्ट के तहत कार्यवाही,संचालक के खिलाफ जुर्म दर्ज
दुर्ग। जिला पुलिस द्वारा नशा के खिलाफ चलाए जा रहे जियो खुलकर अभियान को
बड़ी सफलता मिली है। इस अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार की रात कोतवाली थानांतर्गत इंडियन प्राइड ढाबा में छापामार कर अवैध रुप से चलाए जा रहे हुक्का बार का पर्दाफाश किया। कार्यवाही में 10 नग हुक्का व पाइप के साथ मादक पदार्थ जप्त किया गया। जिसकी कीमत 20 हजार रु. बताई गई है। इस दौरान 15 से 20 की संख्या में युवक हुक्का का सेवन करते भी पकड़े गए। जिन्हे समझाइश देकर छोड़ा गया। मामले में इंडियन प्राइड ढाबा के संचालक मनदीप सिंह के विरुद्ध कोटपा एक्ट की धारा 8 व 11 के तहत दुर्ग सीएसपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में कार्यवाही की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर रोहित झा, नगर पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के नेतृत्व में
जिले में नशा मुक्ति हेतु जियो खुलकर अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें जनता का भी सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है। इसी क्रम में बुधवार की रात मुखबीर से सूचना पर दुर्ग कोतवाली थाना अंतर्गत इंडियन प्राइड ढाबा में सीएसपी दुर्ग के नेतृत्व में दबिश दी गई। वहां पर 15-20 युवकों को हुक्का का सेवन करते हुए धुआं उड़ाते हुए पकड़ा गया। तत्काल मौके से उक्त 10 नग हुक्का पाइप सहित एवं उसमें उपयोग में आने वाला मादक पदार्थ जप्त किया गया। वहां उपस्थित नव युवकों को समझाइश दिया गया, साथ ही उनके परिजनों को इसकी सूचना दी गई।