बाल दिवस पर जगन्नाथ पब्लिक स्कूल में सजा खुशियों का मेला, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा और उद्यमिता की झलक

बाल दिवस पर जगन्नाथ पब्लिक स्कूल में सजा खुशियों का मेला, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा और उद्यमिता की झलक
कुंडा — 14 नवंबर 2026।बाल दिवस के अवसर पर जगन्नाथ पब्लिक स्कूल, रापा पेंड्रीकला में भव्य ‘जगन्नाथ फन फेयर – बाल मेला 2026’ का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। मेले में बच्चों की उमंग, रचनात्मकता और प्रतिभा ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, आर्थिक समझ एवं टीम भावना का अनुभव प्रदान करना था।
मेले में विद्यालय के चार हाउस—गंगा, यमुना, सरस्वती एवं ब्रह्मपुत्र के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रत्येक हाउस द्वारा खान-पान, मनोरंजक खेल, सामान्य ज्ञान एवं विज्ञान आधारित गतिविधियों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए। विद्यार्थियों ने स्वयं स्टॉलों की योजना बनाई तथा उनके संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाई।
मेले में विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों, रोचक खेलों और ज्ञानवर्धक गतिविधियों के साथ जंपिंग झूला बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे परिसर में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री राजेश चंद्राकर ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देते हैं। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि जीवन की वास्तविक परिस्थितियों को समझने और उनका सामना करने में भी सक्षम बनें।
विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या सुश्री संजना वर्मा एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन और सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और उनके भीतर छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना ही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है



