आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित।

आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित।
पटाखा दुकानों में अग्नि सुरक्षा एवं आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने दिए गए निर्देश।
शहर की यातायात, भीड़ नियंत्रण एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा।
कबीरधाम पुलिस के द्वारा आगामी दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा एवं शहर में शांति, सुव्यवस्था और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय कबीरधाम में पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में तहसीलदार, नगर पालिका परिषद की टीम, पुलिस विभाग, जिला प्रशासन एवं SDRF के अधिकारी-कर्मचारी तथा शहर के पटाखा व्यापारीगण अधिक संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी दीपावली पर्व के दौरान पटाखों के विक्रय एवं भंडारण के संबंध में सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। व्यापारियों को बताया गया कि पटाखा दुकानों का संचालन केवल निर्धारित एवं अनुमति प्राप्त स्थानों पर ही किया जाए तथा प्रत्येक दुकान में अग्निशमन यंत्र, पानी एवं रेत से भरी बाल्टियां सहित आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखें। दुकानों में विद्युत वायरिंग सुरक्षित हो तथा खुले तार, अस्थायी विद्युत कनेक्शन एवं ज्वलनशील सामग्री के उपयोग से बचें।
पटाखा दुकानों के आसपास धूम्रपान, बीड़ी, सिगरेट, माचिस एवं किसी भी प्रकार की खुली आग का उपयोग प्रतिबंधित रखने, तथा पटाखों का भंडारण निर्धारित क्षमता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। दुकानों में आने-जाने के रास्ते खुले रखने तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित बचाव एवं राहत कार्य के लिए पर्याप्त व्यवस्था रखने के संबंध में भी अवगत कराया गया।
व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि पटाखों का विक्रय निर्धारित नियमों एवं समय-सीमा के अनुरूप करें तथा प्रतिबंधित पटाखों का विक्रय न करें। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवागमन, पटाखा दुकानों के आसपास पार्किंग व्यवस्था तथा अग्निशमन वाहनों एवं आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता उपलब्ध रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर पालिका एवं SDRF की टीम के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि दीपावली पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
कबीरधाम पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। पटाखे केवल खुले एवं सुरक्षित स्थान पर ही जलाएं, बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें, ज्वलनशील पदार्थों के आसपास आतिशबाजी न करें तथा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभाग को सूचना दें। त्योहार की खुशियां मनाते समय स्वयं की एवं दूसरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।




