छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस : आज शाम 5 बजे से कवर्धा में सजेगा राज्योत्सव का भव्य मंच, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजेगी छत्तीसगढ़ी लोककला

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस : आज शाम 5 बजे से कवर्धा में सजेगा राज्योत्सव का भव्य मंच, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजेगी छत्तीसगढ़ी लोककला

पीजी कॉलेज मैदान में होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 का आयोजन

सांसद श्री संतोष पाण्डेय होंगे मुख्य अतिथि, विधायक श्रीमती भावना बोहरा सहित जनप्रतिनिधियों की रहेगी उपस्थिति

प्रकाश अवस्थी, अंकित तिवारी सहित ख्याति प्राप्त कलाकार देंगे रंगारंग प्रस्तुतियां

छत्तीसगढ़ी लोककला, गायन, गजल, शास्त्रीय संगीत, जस जागरण और मैजिक शो होंगे मुख्य आकर्षण

कवर्धा, 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज कबीरधाम जिले में जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। कवर्धा के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले इस समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में जिलेवासियों की सहभागिता रहेगी। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सांसद श्री संतोष पाण्डेय होंगे मुख्य अतिथि

राज्योत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री संतोष पाण्डेय शामिल होंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री विशेश्वर पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेश कुमार चंद्रवंशी, जिला पंचायत कबीरधाम अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य श्री भगवत पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य शाकंभरी बोर्ड के सदस्य श्री संतोष पटेल तथा जनपद पंचायत कवर्धा की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा बघेल उपस्थित रहेंगी।

शाम 5 बजे से सजेगी रंगारंग सांस्कृतिक संध्या

राज्योत्सव का मुख्य आकर्षण शाम 5 बजे से आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या होगी। इसमें छत्तीसगढ़ी लोककला मंच, गायन, गजल, शास्त्रीय संगीत, ऑर्केस्ट्रा, जस जागरण, भक्ति संगीत, मिमिक्री और मैजिक शो सहित विविध रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोककला मंच की प्रस्तुति प्रकाश अवस्थी के नेतृत्व में होगी। वहीं गायक अंकित तिवारी अपनी गायकी से समां बांधेंगे। गजल गायन में अंकुर गुप्ता एवं आशुतोष गुप्ता, शास्त्रीय संगीत में तुलेश्वर शर्मा, ऑर्केस्ट्रा, जस जागरण एवं भक्ति संगीत में भुनेश्वर साहू अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा मिमिक्री अभिनय में गोविंद राजपूत, मैजिक शो में संगीता साहू तथा छत्तीसगढ़ी करमा, ददरिया एवं लोकगीतों की प्रस्तुति में अन्नू श्रीवास्तव दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

लोकसंस्कृति और परंपरा का दिखेगा अनूठा संगम

राज्योत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विविधता को मंच प्रदान किया जाएगा। यह आयोजन प्रदेश की गौरवशाली विरासत को करीब से जानने और स्थानीय लोककलाओं एवं कलाकारों को प्रोत्साहित करने का अवसर भी होगा। जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और सभी वर्गों के लोगों से अपील की है कि वे आज शाम 5 बजे पीजी कॉलेज मैदान, कवर्धा पहुंचकर जिला स्तरीय राज्योत्सव में सहभागी बनें और छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, लोककला एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लें।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button