युवा मोर्चा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल… गौरी गुप्ता को मिली मुंगेली जिले की कमान, कार्यकर्ताओं में उत्साह
मुंगेली। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष गौरी गुप्ता को मुंगेली जिले का नया प्रभारी नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद जिले के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इसे आगामी संगठनात्मक एवं राजनीतिक गतिविधियों के लिए अहम माना जा रहा है।
संगठन को मिलेगी नई धार
प्रदेश स्तर पर सक्रिय और रणनीतिक युवा नेता के रूप में पहचान रखने वाली गौरी गुप्ता को उनके सांगठनिक अनुभव को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में मुंगेली जिले में युवा मोर्चा की गतिविधियां और तेज होंगी तथा संगठन बूथ स्तर तक और मजबूत होगा।
कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
नियुक्ति की घोषणा के बाद मुंगेली जिले के युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि गौरी गुप्ता के मार्गदर्शन में युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा और संगठन की सक्रियता में नई ऊर्जा आएगी।
जल्द होगा मुंगेली दौरा
जानकारी के अनुसार, गौरी गुप्ता जल्द ही मुंगेली जिले का दौरा करेंगी। इस दौरान वे जिला कार्यसमिति की बैठक लेंगी और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान तथा जनहित के मुद्दों को लेकर रणनीति तय करेंगी। युवाओं के रोजगार, विकास कार्यों में लापरवाही और जनसमस्याओं को लेकर भी युवा मोर्चा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
गौरी गुप्ता ने कहा…
“शीर्ष नेतृत्व ने जो भरोसा मुझ पर जताया है, उस पर मैं पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूंगी। मुंगेली जिले में युवा मोर्चा के हर कार्यकर्ता को साथ लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और जनता के हक की लड़ाई लड़ना हमारी पहली प्राथमिकता होगी।”
— गौरी गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष, भाजयुमो एवं नवनियुक्त मुंगेली जिला प्रभारी
छोटी सी उम्र में तय कर लिया बड़ा सफर:–
बता दे छात्र राजनीति से भाजपा की राजनीति में पदार्पण करने वाली युवा गौरी गुप्ता ने छोटी सी उम्र में ही बड़ा सफर तय किया है। छात्र राजनीति करते हुए वे एसबीआर कॉलेज की छात्र संघ अध्यक्ष थीं। ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद राजनैतिक रूप से सक्रीय रहते हुए भी गौरी गुप्ता ने वकालत की पढ़ाई की और एलएलबी की डिग्री हासिल की। गौरी गुप्ता बिलासपुर जिले में कन्या शक्ति संयोजिका इसके बाद प्रदेश में कन्या सह शक्ति संयोजिका फिर प्रदेश मंत्री भारतीय जनता युवा मोर्चा बनी। फिर वर्तमान में गौरी गुप्ता भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष तथा बिलासा गर्ल्स डिग्री कॉलेज की जनभागीदारी अध्यक्ष भी हैं।




