कवर्धा में मिठाई दुकान और पेय पदार्थ प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई: आइस कैंडी, गुलाब जामुन और पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे
कवर्धा में मिठाई दुकान और पेय पदार्थ प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए
मानक अनुरूप खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने प्रशासन सख्त, विभिन्न प्रतिष्ठानों से 10 खाद्य नमूने जांच हेतु भेजे
कवर्धा, 12 मार्च 2026/कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार जिला कबीरधाम में आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ और मानक अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों में निरीक्षण कर खाद्य नमूने संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को रायपुर रोड, कवर्धा स्थित मधुरम स्वीट्स प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से गुलाब जामुन, पनीर एवं गोल्डन नमकीन (पैक्ड) के खाद्य नमूने निर्धारित प्रक्रिया के तहत जाँच के लिए संग्रहित किए गए।
इसके पश्चात 11 मार्च 2026 को फर्म शाहिद पेप्सी एंड कोल्ड ड्रिंक्स से आइस कैंडी के कुल 4 नमूने लिए गए। इसी दिन फर्म ए.एन. मार्केटिंग से भी 3 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए, जिनमें मैजिक रस मैंगो ऑरेंज, आइस कैंडी तथा लिक्विड मैंगो (घट्ट मैंगो इमल्शन फ्लेवर्ड) शामिल हैं। सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी, रायपुर भेजा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त परीक्षण प्रतिवेदन के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह संपूर्ण कार्यवाही अभिहित अधिकारी श्री मुकेश साहू के निर्देशन में संपन्न हुई। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती साधना चंद्राकर एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री फणीभूषण जायसवाल उपस्थित रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले के समस्त खाद्य व्यवसायियों को निर्देशित किया गया है कि वे खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और विक्रय के दौरान निर्धारित मानकों एवं स्वच्छता नियमों का कड़ाई से पालन करें। साथ ही उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे केवल गुणवत्ता युक्त और मानक अनुरूप खाद्य पदार्थों का ही उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की खाद्य अनियमितता की जानकारी विभाग को तत्काल दें।



