छत्तीसगढ़

समग्र शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों की शल्यचिकित्सा, कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर की मुलाकात l

समग्र शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों की शल्यचिकित्सा, कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर की मुलाकात l

बिलासपुर l कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज मंगला स्थित बिलासपुर हॉस्पिटल पहुंचकर शल्य चिकित्सा कराए गए दिव्यांग बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को आवश्यक उपकरण एवं उपहार प्रदान किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कलेक्टर ने उनके अभिभावकों को बच्चों की सतत देखभाल करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि उपचार के बाद बच्चों की नियमित देखरेख और थेरेपी बेहद जरूरी है।
गौरतलब है कि समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के तहत दिव्यांग बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रतिवर्ष बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं आकलन शिविर लगाए जाते हैं। वर्ष 2025-26 में विकासखंड एवं जिला स्तर पर आयोजित शिविरों में चिकित्सकों द्वारा 13 बच्चों को शल्य चिकित्सा के लिए चिन्हांकित किया गया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश एवं मार्गदर्शन में बच्चों का समग्र स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा आयुष्मान योजना के तहत उनकी शल्य चिकित्सा की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। मंगला स्थित बिलासपुर हॉस्पिटल में अब तक तीन बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा कराई जा चुकी है। इनमें कुमारी पिया पात्रे प्राथमिक शाला अमेरी, विकासखंड तखतपुर, कुमारी संध्या साहू प्राथमिक शाला लारीपारा, विकासखंड कोटा तथा प्रतीश कुमार प्राथमिक शाला शहीद भगत सिंह, बंधवापारा, विकासखंड बिल्हा शामिल हैं। कलेक्टर ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत कार्यरत ब्लॉक रिसोर्स पर्सन एवं फिजियोथेरेपिस्ट को निर्देशित किया कि दिव्यांग बच्चों को नियमित थेरेपी उपलब्ध कराई जाए तथा समय-समय पर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए विजिट किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शल्य चिकित्सा के लिए अन्य जरूरतमंद बच्चों का चिन्हांकन कर उनकी उपचार प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर सभी हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में बालिकाओं को स्वास्थ्य शिक्षा के साथ-साथ विकलांगता से संबंधित विषयों पर जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग से छोटे बच्चों की सूची प्राप्त कर अर्ली इंटरवेंशन पर कार्य करने को कहा ताकि भविष्य में उपचार और शल्य चिकित्सा के बेहतर परिणाम प्राप्त हो सकें। इस अवसर पर कलेक्टर ने चिकित्सालय के थेरेपी सेंटर का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान संस्थान के चिकित्सक डॉ. गोपेन्द्र दीक्षित एवं उनकी टीम, जिला मिशन समन्वयक ओम पांडेय, डॉ. अखिलेश तिवारी, डॉ. मुकेश पांडेय सहित सभी बीआरपी, स्पेशल एजुकेटर एवं थेरेपिस्ट उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button