दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में ‘सेवा संकल्प प्रस्ताव’ के अंतर्गत बैठक आयोजित lअधिकारियों ने सेवा भाव से कार्य करने का लिया संकल्प

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में ‘सेवा संकल्प प्रस्ताव’ के अंतर्गत बैठक आयोजित l
अधिकारियों ने सेवा भाव से कार्य करने का लिया संकल्प
दपूमरे, नागपुर मंडल – 02 मार्च 2026 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में ‘सेवा संकल्प प्रस्ताव’ भारत की विकास यात्रा में एक नया आरंभ’ के अंतर्गत नव स्थापित प्रधानमंत्री कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ में दिनांक 24.02.2026 को केंद्रीय मंत्रिमंडल की ऐतिहासिक प्रथम बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में राष्ट्र निर्माण, सुशासन, पारदर्शिता एवं सेवा भावना को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया।
इसी अनुक्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा भी उक्त संकल्प की भावना को आत्मसात करते हुए दिनांक 02.03.2026 को मंडल रेल प्रबंधक सभागृह में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि भारतीय रेल देश की जीवन रेखा है और हम सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का यह दायित्व है कि अपने कार्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सेवा भावना के साथ करें। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प’ केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि यह हम सभी के लिए एक नैतिक प्रतिबद्धता है, जिसके माध्यम से हम संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधाओं में निरंतर सुधार, समयबद्धता, स्वच्छता तथा तकनीकी नवाचारों को प्राथमिकता देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक अधिकारी को अपने-अपने विभाग में बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य निष्पादन की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करना चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित सभी शाखा अधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों ने ‘सेवा संकल्प’ लेते हुए यह प्रतिज्ञा की कि वे राष्ट्रहित एवं संगठन के हित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का पालन पूर्ण समर्पण और ईमानदारी के साथ करेंगे।
बैठक में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के सभी शाखा अधिकारीगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता के दृढ़ संकल्प के साथ हुआ।



