दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में होली पर्व पर विशेष तैयारी |होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, सुरक्षा व सुविधा के व्यापक प्रबंध |

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में होली पर्व पर विशेष तैयारी |
होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, सुरक्षा व सुविधा के व्यापक प्रबंध |
बिलासपुर – 02 मार्च 2026 आगामी होली त्यौहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे द्वारा देशभर में व्यापक स्तर पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय रेलवे ने सभी जोनों में कुल 1,244 होली स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स का परिचालन प्रारंभ किया है, जिससे यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
इसी कड़ी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा अपने क्षेत्र से 22 फेरों की होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है | इसके अतिरिक्त 60 ट्रिप्स की होली स्पेशल ट्रेनें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। इस प्रकार होली पर्व के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत कुल 82 होली स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स यात्रियों की सुविधा के लिए उपलब्ध रहेंगी।
मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन के मार्गदर्शन में बिलासपुर मंडल रेल प्रशासन द्वारा होली त्यौहार के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुगम यात्रा एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं । भीड़ के मद्देनजर प्लेटफार्मों एवं एफओबी सहित रेल परिसरों में यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। मंडल से गुजरने वाली सभी गाडिय़ों में भीड़ की निगरानी की जा रही है साथ ही प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के उचित कार्यान्वयन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं ।
भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था
मंडल के प्रमुख स्टेशनों एवं यात्री गाड़ियों में भीड़ प्रबंधन हेतु अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई है।
सभी फ्रंट कर्मचारी 24×7 ड्यूटी पर रहकर अपने कार्य का निष्पादन कर रहे हैं।
आरपीएफ एवं वाणिज्य विभाग की टीमें निरंतर निगरानी कर रही हैं।
सार्वजनिक घोषणा प्रणाली व डिजिटल संकेतकों के माध्यम से यात्रियों को ट्रेनों की सटीक जानकारी समय पर दी जा रही है।
प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज तथा कोचों के आसपास भीड़ नियंत्रण के लिए कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
यात्रियों को सुरक्षित बोर्डिंग के लिए प्रेरित किया जा रहा है — जैसे कि पहले उतरने वालों को उतरने दें, तत्पश्चात क्रमवार ट्रेन में चढ़ें तथा चलती ट्रेन में चढ़ने व उतरने से बचें |
आरपीएफ एवं वाणिज्य विभाग की टीम द्वारा लाउड हेलर व सीटी के माध्यम से भीड़ नियंत्रण किया जा रहा है।
मंडल नियंत्रण कक्ष एवं वार रूम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग के माध्यम से ट्रेन संचालन एवं भीड़ की स्थिति पर सतत नजर रखी जा रही है।
सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है |
यात्रियों की सुविधा हेतु विशेष प्रबंध
सभी प्रमुख स्टेशनों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
मंडल के बिलासपुर सहित प्रमुख स्टेशनों में यात्री ठहराव क्षेत्र का प्रावधान किया गया है ।
फर्स्ट-एड बूथ एवं मेडिकल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है |
हेल्प डेस्क एवं अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती की गई है।
डिजिटल टिकटिंग को प्रोत्साहन
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल ने अनारक्षित टिकटिंग को और अधिक सरल व सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से एम-यूटीएस (M-UTS) सेवा की शुरुआत की है। इसके माध्यम से बिलासपुर, उसलापुर, रायगढ़ एवं जांजगीर-नैला स्टेशनों में टिकटिंग कर्मचारी स्टेशन परिसर, प्रवेश द्वार अथवा प्लेटफॉर्म पर ही यात्रियों को अनारक्षित टिकट उपलब्ध करा रहे हैं।
RailOne App के माध्यम से यात्रियों को बिना कतार में लगे अनारक्षित एवं प्लेटफॉर्म टिकट खरीदने के लिए प्रेरित किया जा रहा है |
मंडल स्तर पर इन डिजिटल प्लेटफॉर्मों के उपयोग को बढ़ाने हेतु जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है ।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने कहा कि — त्योहारी मौसम में यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और संतुष्टि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे परिवार पूरी निष्ठा से यह सुनिश्चित कर रहा है कि हर यात्री को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव मिले। हम सभी यात्रियों से अपील करते हैं कि वे रेलवे द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें ताकि त्योहारों की खुशियाँ सभी के लिए सुरक्षित एवं सुखद बन सकें। होली के अवसर पर बिलासपुर मंडल रेल प्रशासन पूरी सतर्कता, समर्पण और समन्वय के साथ यात्रियों की सेवा में तत्पर है।
