छत्तीसगढ़

दुर्ग-भिलाई में महाशिवरात्रि पर भव्य आयोजन, भोलेनाथ की निकलेगी विशाल बारात, केरल की झांकियां बनेंगी आकर्षण का केंद्र

महाशिवरात्रि के अवसर पर दुर्ग और भिलाई में मंदिरों में दिनभर विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भिलाई के बैकुंठधाम मंदिर, रुक्खड़नाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में विशेष पूजन, रुद्राभिषेक और सांस्कृतिक आयोजन होंगे। वहीं दुर्ग में शिवनाथ नदी तट स्थित शिव मंदिर समेत कई धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।दुर्ग नगर निगम ने पर्व को लेकर व्यवस्थाएं अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। समिति की बैठक में 15 फरवरी को होने वाले मुख्य आयोजन, वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रस्तावित बजट पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि इस वर्ष महाशिवरात्रि का मुख्य कार्यक्रम शिवनाथ सरोवर में आयोजित किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

मंदिरों में सुविधाओं का विस्तार

आयोजन को भव्य बनाने के लिए धार्मिक झांकियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आमजन की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है। शहर के विभिन्न वार्डों में मंदिरों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, रोशनी की व्यवस्था और स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शहर की धार्मिक विरासत भी संवरकर सामने आए।विशाल बारात निकाली जाएगी, जिसे रिकॉर्ड दर्ज कराने की भी तैयारी है। इस आयोजन को Asia Book of Records और India Book of Records में शामिल कराने की योजना है। बारात में देश के विभिन्न राज्यों की झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। करीब चार हजार कलाकार राम, रावण, विभीषण, किन्नर, भूत-प्रेत और अन्य पौराणिक पात्रों की वेशभूषा में शामिल होंगे।

केरल की झांकियां बनेंगी विशेष आकर्षण

महाशिवरात्रि के दिन पूरा भिलाई ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजेगा। केरल शैली की झांकियों में शिव-विवाह और देवी-देवताओं के प्रसंगों का सजीव चित्रण किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहेगा।

: बारात का मार्ग और समय

भोले बाबा की बारात दोपहर 2 बजे इंदिरा नगर हथखोज, वार्ड क्रमांक-1 से प्रारंभ होगी। शुरुआत राम जानकी शिव मंदिर में पूजा के साथ होगी। इसके बाद बारात ट्रांसपोर्ट नगर, केनाल रोड, कार्तिकेय चौक, बोलबम चौक, नंदी तिराहा, जोन-1 शिव मंदिर, जोन-2 श्रीराम चौक से होती हुई खुर्सीपार स्थित दुर्गा मैदान में विवाह स्थल पर समाप्त होगी।

Related Articles

Back to top button