जीएसटी नियमों, नोटिस प्रक्रिया एवं पोर्टल संबंधी समस्याओं पर दुर्ग संभाग स्तरीय समन्वय बैठक में CAIT कवर्धा ने कराया विभाग का ध्यान आकर्षितकवर्धा

जीएसटी नियमों, नोटिस प्रक्रिया एवं पोर्टल संबंधी समस्याओं पर दुर्ग संभाग स्तरीय समन्वय बैठक में CAIT कवर्धा ने कराया विभाग का ध्यान आकर्षित
कवर्धा।
जीएसटी नियमों, उनके क्रियान्वयन तथा व्यापारियों को आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों के समाधान हेतु जीएसटी विभाग द्वारा दिनांक 29 जनवरी 2026 को दुर्ग में दुर्ग संभाग अंतर्गत जीएसटी विभाग के सभी जिलों के व्यापारी प्रतिनिधियों की एक समन्वय बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक की अध्यक्षता राज्य जीएसटी की विशेष आयुक्त श्रीमती तरन्नुम वर्मा द्वारा की गई। बैठक में राज्य एवं केंद्रीय जीएसटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा दुर्ग संभाग के विभिन्न जिलों से आए व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उक्त समन्वय बैठक में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री आकाश आहूजा के दिशानिर्देश पर CAIT कवर्धा इकाई के जिलाध्यक्ष श्री दीप शर्मा एवं कार्यकारी अध्यक्ष श्री वनीत सिंह सलूजा विशेष रूप से शामिल हुए और कवर्धा सहित दुर्ग संभाग के व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की ओर विभाग का ध्यान आकर्षित कराया।
CAIT कवर्धा द्वारा बैठक में जीएसटी नोटिस प्रक्रिया की जटिलता, जीएसटी पोर्टल से जुड़ी तकनीकी कठिनाइयाँ तथा वर्षों पुराने और निपट चुके प्रकरणों में पुनः नोटिस जारी होने जैसी समस्याओं को प्रमुखता से रखा गया। यह भी अवगत कराया गया कि कई मामलों में संबंधित वर्षों के आदेश पहले ही पारित हो चुके हैं अथवा किसी प्रकार की कोई बकाया राशि शेष नहीं है, इसके बावजूद नोटिस आने से व्यापारियों को अनावश्यक मानसिक तनाव एवं भय का सामना करना पड़ रहा है।
CAIT जिलाध्यक्ष दीप शर्मा ने कहा
“दुर्ग संभाग के सभी जिलों के व्यापारी प्रतिनिधियों की इस समन्वय बैठक में हमने एक साझा मंच पर व्यापारियों की ज़मीनी समस्याओं को विभाग के समक्ष रखा। पुराने एवं निपट चुके मामलों में पुनः नोटिस जारी होना एक गंभीर विषय है, जिस पर शीघ्र समाधान आवश्यक है।”
CAIT कार्यकारी अध्यक्ष वनीत सिंह सलूजा ने कहा
“कवर्धा जिले में जीएसटी विभाग द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय है। यदि इस प्रकार की संभाग स्तरीय समन्वय बैठकों को नियमित किया जाए, तो व्यापारियों में विभाग के प्रति भय के स्थान पर सहयोगात्मक एवं विश्वासपूर्ण वातावरण विकसित होगा, जो व्यापार और राजस्व—दोनों के हित में होगा।”
CAIT कवर्धा इकाई ने यह भी सुझाव दिया कि जीएसटी विभाग एवं व्यापारिक संगठनों के बीच नियमित संवाद और समन्वय बैठकों से प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी एवं व्यावहारिक बनाया जा सकता है।
CAIT कवर्धा ने स्पष्ट किया कि संगठन प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में दुर्ग संभाग सहित पूरे क्षेत्र के व्यापारियों की समस्याओं को सकारात्मक एवं समाधान-उन्मुख तरीके से निरंतर उठाता रहेगा।



