दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से बदला मौसम का मिजाज, प्रदूषण हुआ कम तो बढ़ी ठंड, कब मिलेगी राहत

नई दिल्ली: देश की राजधानी के आसपास शहरों में अचानक जबरदस्त बारिश से मौसम ने करवट ले ली है। रविवार को जब दिल्ली-एनसीआर में लोग गहरी नींद के आगोश में थे तो तड़के करीब साढ़े 5 बजे तेज बारिश हुई। इससे ठंढ बढ़ गई है और पारा और गिरने की संभावना है। झमाझम बारिश से प्रदूषण से राहत मिल गई है। पिछले करीब 3 महीनों में दिल्ली एनसीआर के लोगों की हवा खराब करने वाला AQI फिलहाल 230 से कम हो गया है। यह बड़ी राहत की बात है। बता दें कि पिछले 3 महीनों में दिल्ली-एनसीआर गैस चेंबर की तरह हो गया था यही वजह है कि कंट्रोल के लिए ग्रैप-4 भी लगाया गया था।
दिल्ली-एनसीआर में 10 दिनों में तीसरी बार बारिश
पिछले 10 दिनों में यह तीसरा मौका है जब बारिश ने दस्तक दी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब के कुछ क्षेत्रों में बारिश से अब ठंड बढ़ने की संभावना है। एक दिन पहले ही आईएमडी की ओर से बताया गया था कि रविवार को लगभग 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलेगी, जिससे सिरहन बढ़ जाएगी। संभावना है कि आज दिन में दोपहरा और शाम के समय भी बारिश हो सकती है
दिल्ली-एनसीआर में 2-3 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम?
रिपोर्ट्स की मानें तो दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिन यानी 2 और 3 फरवरी को भी बारिश की संभावना है। हाईएस्ट टेंपरेचर 17-19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि आकाश में बादल छाए रहेंगे। ऐसे हालात में ठंढ का असर बढ़ सकता है।
पहाड़ों में बर्फबारी और अब बारिश, मौसम से राहत कब?
उत्तराखंड और हिमाचल में देर से बर्फबारी हुई तो घाटी जम्मू-कश्मीर संगमरमर की तरह सफेद नजर आ रही है। इससे ऐसे लोगों की मौज हो गई है जो बर्फीली वादियों का मजा लेना चाहते हैं। संभावना यह भी है कि वीकेंड पर लोग पहाड़ों का रुख करें। इस बीच कम से कम अगले 3-4 दिन तो दिल्ली के आसपास के लोगों को ठंढ से राहत मिलने की संभावना कम नजर आ रही है।

