ठंड के बाद अब होगी बारिश की एंट्री! यूपी-बिहार में जारी रहेगा कोहरे का कहर, हिमालयी क्षेत्रों में स्नोफॉल का अलर्ट

तेलंगाना, रायलसीमा और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि देश के बाकी हिस्सों में यह लगभग सामान्य के आसपास दर्ज किया गया। मौसम प्रणालियों की बात करें तो, एक पश्चिमी विक्षोभ निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर उत्तरी पंजाब और उसके आसपास चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल की पछुआ हवाओं में लगभग 73° पूर्वी देशांतर के साथ 30° उत्तरी अक्षांश के उत्तर में एक गर्त स्थित है। इससे संबंधित एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में निचले स्तरों पर बना हुआ है। इसके अतिरिक्त, एक नया पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में गर्त के रूप में देखा जा रहा है, जिसका अक्ष समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर है और यह 62° पूर्वी देशांतर के साथ 32° उत्तरी अक्षांश के उत्तर में फैला हुआ है। इसके प्रभाव से 21 जनवरी 2026 की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक सशक्त पश्चिमी विक्षोभ के असर में आने की संभावना है। वहीं, उपोष्णकटिबंधीय पछुआ जेट स्ट्रीम उत्तर-पूर्वी भारत के ऊपर सक्रिय बनी हुई है, जिसकी मुख्य हवाएं समुद्र तल से करीब 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर लगभग 125 नॉट्स की रफ्तार से बह रही हैं
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
IMD की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभों के असर से अगले सात दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। 22 और 23 जनवरी को कश्मीर घाटी में और 23 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 22 से 25 जनवरी के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही अगले 2-3 दिनों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना अधिक है। 23 जनवरी को उत्तराखंड में बिजली गिरने की आशंका भी है
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में कल आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 23°C से 25°C और न्यूनतम तापमान 07°C से 09°C के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर के करीब रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर (1.6°C से 3.0°C तक) रहने का अनुमान है। सुबह के समय हवा की गति लगभग 10 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है और सतह पर मुख्य हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेगी। दोपहर में हवा की गति बढ़कर 15 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। शाम और रात के समय हवा की गति कम होकर उत्तर दिशा से लगभग 08 किमी प्रति घंटे रह जाएगी।
यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों में मौसम बदलते रहने की संभावना है। 22 से 25 जनवरी के दौरान प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 23 और 24 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अगले 2-3 दिनों में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा रहने की उम्मीद है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण पिछले कुछ दिनों से रात के तापमान में हो रही गिरावट अब रुक सकती है। प्रदेश के मध्यवर्ती इलाकों जैसे हरदोई, अमेठी, अयोध्या और बाराबंकी में बीती रात आंशिक शीतलहर देखी गई, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवाओं की दिशा बदल गई है। इसके चलते अगले 24 से 48 घंटों में प्रदेश के तापमान में लगभग चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रात के समय महसूस हो रही ठंडक में राहत मिलने की संभावना है।
बिहार में कल के मौसम का हाल
बिहार में अगले 2-3 दिनों तक सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो सकती है, इसलिए वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा, इस अवधि के दौरान बिहार में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बिहार में 20 और 21 जनवरी के बाद मौसम में बदलाव संभव है और ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है। यानी कि लोगों को अभी पूरी तरह ठंड से राहत नहीं मिली है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से ठंड में वृद्धि हो सकती है। इसके अलावा, दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 21 जनवरी की रात से इसका असर देखने को मिल सकता है। तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति भी अभी कुछ दिनों तक बनी रहने की संभावना है।


