देश दुनिया

आज न्यूनतम तापमान 6°C, एक दिन में 3.2 डिग्री सेल्सियस गिरा, कुछ दिन तक गलन से राहत नहीं

गुरुवार को तापमान इस सीजन का सबसे न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान कल की अपेक्षा 3.2 डिग्री गिरकर आज 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। कल बुधवार को 9.2 डिग्री सेल्सियस था। आज सुबह से एक बार भी सूर्यदेव के दर्शन भी नहीं हुए। धूप नहीं निकलने और शीतलहर चलने की वजह से संगम नगरी में जनजीवन प्रभावित हुआ है

अगले कुछ दिनों में ऐसे ही रहेगा मौसम 

संगम नगरी में सर्दी का सितम जारी है। सर्दी ने एक बार फिर लोगों की दिनचर्या को जकड़ लिया है। बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज ऐसा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है लेकिन घने बादल और नमी भरी हवा के कारण गलन से राहत मिलने के आसार कम हैं। सुबह और देर रात ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा।

सर्द हवाओं की गिरफ्त में जनपद

सुबह जनपद कोहरे और सर्द हवाओं की गिरफ्त में रहा। सूर्य देव के दर्शन नहीं हो सके। गलन इतनी अधिक है। ठंडी हवा के साथ वातावरण में नमी घुली होने के कारण गलन ऐसी महसूस हुई कि ऊनी कपड़ों की कई परतें पहनने के बाद भी लोग ठिठुरते रहे। दोपहर में भी सड़कों पर चहल-पहल नहीं रही। बाजारों में भी सन्नाटा सा पसरा रहा।

गलन अभी झेलनी होगी 

चौराहों पर अलाव के सहारे लोग गर्माहट लेते नजर आए। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के वायुमंडलीय एवं समुद्र अध्ययन केंद्र के प्रो. सुनीत द्विवेदी ने बताया कि गलन का यह क्रम अभी कुछ दिनों तक बना रहेगा। उन्होंने बताया कि 10 जनवरी तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। गुरुवार को अधिकतम तापमान बुधवार की तुलना में अधिक 17 डिग्री सेल्सिसयस रहा। बुधवार को 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 

Related Articles

Back to top button