Bird Flu Alert in Raigarh : छत्तीसगढ़ के इस जिले में मिला बर्ड फ्लू केस, नष्ट की गई हजारों मुर्गी-अंडे, शहर में लगा प्रतिबंध

रायगढ़ : Bird Flu Alert in Raigarh रायगढ़ के चक्रधर नगर पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू का पहला मामला सामने आया है। बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की और फार्म की लगभग 5 हजार मुर्गियों, 12 हजार चूज़ों और 17 हजार अंडों को नष्ट कर दिया। इसके साथ ही प्रशासन ने इलाके में अलर्ट जारी करते हुए संक्रमित क्षेत्र को 1 किलोमीटर के दायरे में घोषित किया और वहां बैरिकेडिंग कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग और मितानिनों की टीम ने प्रभावित इलाके में घर-घर जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू कर दिया है। साथ ही, पूरे शहर में मुर्गी और अंडों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
Bird Flu Alert in Raigarh पशुपालन विभाग, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम शहर भर में जांच अभियान चला रही है। पोल्ट्री फार्म के आसपास 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस जोन में रखा गया है और वहां भी जांच की जा रही है। चक्रधर नगर पोल्ट्री फार्म से भेजे गए नमूनों की जांच राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भोपाल में हुई थी, जहां बर्ड फ्लू के H5N1 वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद देर रात प्रशासन ने पोल्ट्री फार्म के सभी संक्रमित पक्षियों, अंडों और चूज़ों को नष्ट करने का आदेश दिया।