Assam Cabinet Expansion: कैबिनेट विस्तार को लेकर बड़ा अपडेट, ये चार विधायक आज बनेंगे मंत्री, मुख्यमंत्री ने खुद किया नामों का ऐलान
![](https://sabkasandesh.com/wp-content/uploads/2024/12/breaking-news-10-1-12-1-1-2-6-6-aroDHT-780x470.jpeg)
गुवाहाटीः Assam Cabinet Expansion असम की हिमंता बिस्वा सरमा सरकार का कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। मंत्रिमंडल में 4 और विधायकों को जगह मिलेगी। प्रशांत फूकन, कौशिक राय, कृष्णेंदु पॉल और रूपेश गोआला आज मंत्री पद की शपथ लेंगे। इसी के साथ अब सरमा कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या 18 हो जाएगी। यह फैसला 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले हाल ही में हुए उपचुनावों के नतीजों के बाद लिया गया है। बताया जा रहा है कि इससे मौजूदा मंत्रियों पर पड़े भारी बोझ को कम किया जा सकेगा, और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को मजबूत करने पर जोर होगा।
Assam Cabinet Expansion बता दें कि डिब्रूगढ़ से विधायक प्रसंता फूकन को काफी सीनियर नेता हैं। 2006 से लगातार फूकन चुनाव जीत रहे हैं। हालिया लोकसभा चुनाव में डिब्रूगढ़ लोकसभा की सभी विधानसभा सीटों पर बीजेपी ने बड़ी जीत हासिल की है। इसे बरकरार रखने के लिए प्रसंता को कैबिनेट में जगह दी गई है। वहीं काचर जिले के लखीपुर से विधायक कौशिक राय को भी कैबिनेट में शामिल करने का फैसला लिया गया है। कौशिक राय को परिमल शुक्लवैद्य की जगह मंत्री बनाया जा रहा है। लोकसभा चुनाव में शुक्लवैद्य सिलचर सीट से सांसद चुने गए हैं।
चाय श्रमिक संगठन से राजनीति में आए हैं गोआला
इसके अलावा श्रीभूमि जिले की पत्थरकांडी सीट से विधायक कृष्णेंदु पॉल को भी कैबिनेट में शामिल करने का फैसला किया गया है। पॉल की सीट करीमगंज लोकसभा के अधीन है, जहां पर लोकसभा चुनाव में बीजेपी को जीत मिली है। यहां पर पॉल की सीट पर पार्टी को बड़ी बढ़त मिली थी। करीमगंज मुस्लिम बहुल लोकसभा सीट है। वहीं तिनसुकिया जिल के डूमडूमा से विधायक रूपेश गोआला को भी हिमंत ने कैबिनेट में शामिल करने का फैसला किया है। गोआला 2021 में पहली बार जीतकर सदन पहुंचे। गोआला चाय श्रमिक संगठन से राजनीति में आए हैं। झारखंड चुनाव के दौरान चाय श्रमिकों को लेकर हेमंत सोरेन विपक्ष के निशाने पर थे।
असम में उपचुनाव में जीत से बुलंद हैं सरमा के हौसले
पिछले महीने ही भाजपा और उसके सहयोगियों ने असम में सभी पांच विधानसभा में हुए उपचुनाव में शानदार जीत दर्ज की थी। समागुरी में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए, भाजपा ने कांग्रेस के गढ़ में सेंधमारी की। जीत से पार्टी के नेतृत्व में खुशी की लहर दौड़ गई।