कल से आरम्भ प्रदेश कांग्रेस का छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा आनंद सिंह को दी बड़ी जवाबदारी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने श्री सिंह को दी बड़ी जिम्मेदारी

कबिरधाम जिले से आनंद सिंह कांग्रेस की छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा की कोर कमेटी में शामिल
20 सदस्यीय अपनी वर्किंग टीम के साथ आनंद सिंह गिरौदपूरी धाम के लिए रवाना
कवर्धा, प्रदेश में लगातार बढ़ते व अनियंत्रित अपराध, अराजकता तथा भाजपा शासन की विफलताओं पर गहरी चिंता जाहिर करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश में सामाजिक समरसता लाने, प्रदेशवासियों को भय और आतंक से मुक्ति दिलाने तथा प्रदेश में पुन: शांति व्यवस्था कायम करने की मंशा से छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी वरिष्ठ नेता, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और कांग्रेस के सभीं विंग के संयुक्त मार्गदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्य में यह छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा 27 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। कबीरधाम जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि इस यात्रा की रूपरेखा, संचालन तथा क्रियान्वयन के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने जो कोर टीम गठित की है उसमें जिले की विधानसभा पंडरिया के युवा नेता व जनसेवक आनंद सिंह को भी शामिल किया है। जानकारी के मुताबिक आनंद सिंह अपनी 20 सदस्यीय वर्किंग टीम के साथ इस यात्रा की तैयारियों के लिए गुरूवार को एक दिन पहले ही गिरौदपूरी धाम के लिए रवाना भी हो चुके हैं और प्रदेश अध्यक्ष श्री बैज के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में यात्रा की तैयारियों में जुट गए है।
आज गिरौदपुरी धाम से शुरू होगी कांग्रेस की छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा
जानकारी के अनुसार 27 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा का शुभारंभ 27 अक्टूबर को गिरौदपुरी से की जाएगी और इसका समापन सत्य व अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर 2 अक्टूबर को रायपुर में किया जाएगा।
125 किलो मीटर की होगी छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा
कांग्रेस की छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा 27 सितम्बर को गिरौदपुरी धाम से प्रारंभ होकर पहले दिन ग्राम अमोदी, छाछी, डोंगरीडीह से कसडोह पहुंचेगी। दूसरे दिन की यात्रा कसडोह के महामाया मंदिर लवन से प्रारंभ होकर कुम्हारी, सलोनी होते हुए रोहांसी पहुंचेगी। तीसरे दिन की यात्रा रोहांसी से प्रारंभ होकर ओड़ान, लटेरा, खतोरा पहुंचेगी। चौथे दिन की यात्रा भैसा, राईस मिल माठ, माठ, मुरा मोड़ से होते हुए सारागांव पहुंचेगी। पांचवे दिन की यात्रा सारागांव से प्रारंभ होकर तर्रामोड़, सेमरिया होते हुए सड्डू पहुंचेगी। वहीं यात्रा के अंतिम दिन सड्डू से यात्रा प्रारंभ होकर मोवाथाना, लोधीपारा, पंडरी, शास्त्री चौक होते हुए मोतीबाग पहुंचेगी जहां एक विशाल जनसभा के बाद यात्रा का समापन किया जाएगा।
कबीरधाम जिले से शामिल होंगे सैकड़ों कांग्रेसी
कबीरधाम जिले के कांग्रेस युवा नेता व जनसेवक आनंद सिंह ने बताया कि इस यात्रा में कबीरधाम जिले के सैकड़ो कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिले के सभी ब्लाक अध्यक्षों को यात्रा में शामिल होने का आव्हान किया है। जो यात्रा की अलग-अलग तिथियों में पहुंचकर यात्रा में शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की इस छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ ही प्रदेशवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा !