छत्तीसगढ़

धान खरीदी में किसी भी किसान को कोई असुविधा नही होनी चाहिए-कलेक्टर श्री महोबे

कलेक्टर ने अवैध धान विक्रय और परिवहन पर कड़ी कार्रवाई करने के दिए निर्देश

रकबा समर्पण के लिए अभियान चलाने के दिए निर्देश

कवर्धा, 08 जनवरी 2024। कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में धान खरीदी के शेष दिनों में सतर्कता के साथ पात्र किसानों के धान खरीदी, धान का उठाव और धान खरीदी केन्द्र में सतत निगरानी रखने के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि धान खरीदी में किसी भी किसान को कोई असुविधा नही होनी चाहिए। सभी पात्र किसानों का धान खरीदना है। धान खरीदी के अंतिम दिनों में कोचिया बिचौलिया अधिक सक्रिय होते हैं। उन पर विशेष निगरानी रखी जाए। जिले के सीमावर्ती धान खरीदी केन्द्रों में अन्य राज्य का धान नहीं आना चाहिए। उन्होंने चेकपोस्ट पर अन्य राज्यों से आने-जाने वाली सभी वाहनों कड़ी निगरानी रखते हुए जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही चेक पोस्ट में सभी वाहनों की जानकारी भी रजिस्टर में संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के पहले उसका सत्यापन जरूर करें। गड़बड़ी करने वालो पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि किसान का पूरा धान विक्रय करने के बाद रकबा समर्पण का कार्य अभियान चला कर करें। उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार नायब तहसीलदार को निर्देश देते हुए कहा कि कोई बाहर या अवैध रूप से धान लाता है उन पर कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि संवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों में विशेष निगरानी रखने के जरूरत है। मंडी निरीक्षक, खाद्य निरीक्षक धान खरीदी केंद्रों में जाकर जांच करे। उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व अधिकारी को कोचियों का औचक निरीक्षण कर जांच करने तथा गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समिति प्रबंधकों के कार्यों की भी लगातार निगरानी रखें। जहा गड़बड़ी की शिकायत मिलती है वहां कारवाई करे। उन्होंने कहा कि तहसीलदार, सहायक खाद्य अधिकारी, खाद्य निरीक्षक की टीम बनाए और 2 दिवस के भीतर सभी राइस मिलों का भी निरीक्षण कर स्टॉक की जांच करें।
कलेक्टर श्री महोबे ने धान खरीदी केंद्रों में धान के उठाव की जानकारी लेते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समिति से धान का उठाव लगातार होना चाहिए। धान खरीदी में किसानों को असुविधा नहीं होना चाहिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री इंद्रजीत बर्मन, सर्व एसडीएम, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button