छत्तीसगढ़

संरक्षा के 03 सजग प्रहरियों को मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय ने संरक्षा पुरस्कार से किया सम्मानित।

भूपेंद्र साहू।
ब्यूरो चीफ बिलासपुर।
मो.- 9691444583
बिलासपुर :- संरक्षित रेल परिचालन रेलवे प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने हेतु नियमित रूप से संरक्षा से संबन्धित विभिन्न जागरूकता अभियान चलाये जा रहे हैं। इसके साथ ही मंडल क्षेत्राधिकार के अंतर्गत ड्यूटी के दौरान सजगता एवं सतर्कता के साथ उत्कृष्ट संरक्षित कार्य करते हुये संरक्षा सुनिश्चित करने में सराहनीय योगदान देने वाले संरक्षा प्रहरियों को प्रोत्साहित करने हेतु संरक्षा पुरस्कार भी प्रदान किया जा रहा है।
विगत दिनों लोको पायलट विकास कुमार व सहायक लोको पायलट दीपक कुशवाहा ने ड्यूटी के दौरान जूनाडीह-गेवरारोड के मध्य रेल फ्रेक्चर देखा तथा मालगाड़ी को तुरंत रोक कर इसकी सूचना संबंधित स्टेशन प्रबंधक को देकर गाड़ी का संरक्षित परिचालन कराया। ड्यूटी के दौरान यातायात सहायक अकलतरा संतोष कुमार ने अकलतरा स्टेशन से गुजरती मालगाड़ी के बोगी में ब्रेक ब्लॉक असेंबली का हेंगिग पार्ट देखा तथा इसकी सूचना स्टेशन प्रबंधक को देकर गाड़ी को संरक्षित किया। कर्मचारियों की सतर्कता व उत्कृष्ट संरक्षा कार्य से संभावित दुर्घटना टली।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय ने इन सभी संरक्षा प्रहरियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा इनकी उत्कृष्ट, सराहनीय व संरक्षित भरे कार्य की प्रशंसा की गई तथा इसी उत्साह के साथ भविष्य में भी कार्य करते रहने की शुभकामनायें दी गई।
इस अवसर पर वरि.मंडल यांत्रिक अभियंता आर रंगाराव भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button