छत्तीसगढ़

आजीविका गतिविधियों से समृद्ध हो रही है धौरामुड़ा गौठान की महिलाएं’

आजीविका गतिविधियों से समृद्ध हो रही है धौरामुड़ा गौठान की महिलाएं’
’’संभागायुक्त डॉ संजय अलंग ने कलेक्टर डाॅ. सारांश मित्तर के साथ किया दौरा, महिलाओं का बढ़ाया हौसला
’ रतनपुर के धन्वन्तरी मेडिकल स्टोर्स का भी किया निरीक्षण’

बिलासपुर 22 जून 2022

संभागायुक्त डॉ संजय अलंग ने कलेक्टर डॉ सारांश मित्तर के साथ जिले के बिल्हा ब्लॉक के धौरामुड़ा गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने स्व- सहायता समूह की महिलाओं से गौठान में चल रही विभिन्न आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। गौठान की जय माँ लक्ष्मी स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि पशुधन विकास विभाग की ओर से मुर्गी पालन के लिए सहायता दी गई थी और आज मुर्गी पालन के जरिए समूह की महिलाओं को लगभग 52 हजार रूपए की आमदनी हुई है। महिलाओं ने बताया कि मुर्गी पालन से हुई आय से हम सभी आत्मनिर्भर हो चुके हैं और आज स्वयं के व्यय से मुर्गी पालन कर रहे हैं। इसी प्रकार धौरामुड़ा गौठान में ही ग्राम कन्या स्व-सहायता समूह की महिलाओं को मुर्गी पालन से 24 हजार 800 रुपये की आमदनी हुई है। महिलाओं ने बताया कि मुर्गी पालन से हुई कमाई से वे स्वयं के व्यय पर बटेर पालन कर रही है।
संभागायुक्त डॉ संजय अलंग और कलेक्टर डॉ सारांश मित्तर ने गोठान में चल रही बकरी पालन का भी अवलोकन किया और समूह की लाभान्वित महिलाओं से जानकारी ली। बकरी पालन कर रही जय मां लक्ष्मी और जय मां सरस्वती स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि नेशनल लाइव स्टॉक मिशन के तहत प्रत्येक समूह को 10 बकरी तथा एक बकरा प्रदान किया गया था और आज दोनों समूहों के पास कुल 32 बकरे हो गए है। महिलाओं ने बताया कि प्रत्येक बकरे से लगभग 9 से 10 हजार की आमदनी होती है। समूह की महिलाओं ने बताया कि मुर्गी पालन बकरी पालन तथा बटेर पालन से आर्थिक स्थिति सुधरी है और आज हम सभी खुश है। कलेक्टर एवं कमिश्नर ने गौठान में फलदार पौधों का रोपण कर लोगो को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया।। डॉ अलंग ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए महिलाओं को नई उमंग और उत्साह के साथ काम करने के लिए प्रोत्साहित किया।
संभागायुक्त डॉ अलंग और कलेक्टर डॉ मित्तर ने स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों जैसे बांस शिल्प, साबुन, एलइडी बल्ब इत्यादि का भी अवलोकन किया तथा इन उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कमिश्नर और कलेक्टर ने आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही महिलाओं के उमंग और उत्साह को देखकर न केवल खुशी जाहिर की बल्कि प्रशासन से हर संभव मदद दिलवाने का भी आश्वासन दिया

‘डॉक्टरों को जेनेरिक दवाइयां लिखने के दिए निर्देश’
संभागायुक्त डॉ संजय अलंग ने कलेक्टर डॉ सारांश मित्तर के साथ रतनपुर के धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया। उन्होंने सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी डॉक्टर्स को धनवंतरी में उपलब्ध तथा सूची में शामिल जेनेरिक दवाइयां ही लिखने के निर्देश दिए। धन्वन्तरी मेडिकल स्टोर के संचालक श्री संजय राजपाल ने बताया कि स्टोर में 29 कंपनियों की 300 से अधिक दवाइयां उपलब्ध है। श्री राजपाल ने बताया की प्रतिदिन लगभग 100 मरीज धनवंतरी योजना से लाभान्वित हो रह है। उन्होने बताया कि अब तक 16 लाख 34 हजार रुपये से अधिक की दवाइयां बिक्री की जा चुकी हैं जिससे 14 हजार 500 से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। श्री राजपाल ने बताया कि स्टोर्स से प्रतिदिन लगभग आठ से साढ़े आठ हजार रुपये की दवाइयां बिक्री हो रही हैं। कलेक्टर डॉ मित्तर ने कहा कि धन्वन्तरी योजना आम जनता को लाभान्वित करने शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। लोंगो को इसका अधिक से अधिक लाभ लेना चाहिये।

भूपेंद्र सबका संदेश न्यूज़ रिपोर्टर
बिलासपुर 9691444583

Related Articles

Back to top button