मार्निंगवॉक के दौरान लोगों से मिले सांसद

भिलाई । दुर्ग सांसद विजय बघेल के स्वभाव सेे हर कोई वाकिफ है। अपने सरल स्वभाव के चलते हमेशा लोगों के बीच लोकप्रिय रहने वाले सांसद बघेल की सादगी का जीता जागता उदाहरण सुबह एक बार फिर देखने को मिला। सांसद विजय बघेल सिविक सेंटर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकल पड़े। इस दौरान लोग उन्हें बिना किसी तामझाम के अपने बीच पाकर हैरान रह गये। वहीं बघेल भी अपने स्वभाव के अनुरूप ही लोगों से मिलते रहे औऱ बातचीत की। आमतौर पर आजकल हमेशा ही नेताओं के साथ उनके समर्थकों का जमावड़ा लगा रहता है। वहीं लोकसभा के निर्वाचित सदस्य होने के नाते सुरक्षा कर्मी सहित अन्य लोग हमेशा ही नेता के साथ दिखाई पड़ते हैं। बावजूद इसके मॉर्निंग वॉक के दौरान लोगों ने अलग ही नजारा देखा। सांसद विजय बघेल को बिना ताम-झाम अपने बीच पाकर सुबह की सैर पर निकले लोगों को काफी प्रसन्नता हुई। इस दौरान विजय बघेल ने लोगों से अनौपचारिक चर्चा करते हुए उनका कुशलक्षेम जाना। सांसद के इस अंदाज की लोगों के बीच में काफी सराहना हुई।