छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

भिलाई समेत बाकी निकायों में एक-दो दिन के भीतर होगी एल्डरमेन पदों पर नियुक्ति

सत्ता व संगठन में सहमति बनाने की चल रही है कवायद

भिलाई। राज्य शासन द्वारा भिलाई नगर निगम समेत जिले के विशेष बचे निकायों के लिए एक-दो दिन के भीतर एल्डरमेन पदो पर नियुक्ति कर दिया जाएगा। एल्डरमेन की पहली घोषणा में भिलाई के साथ ही भिलाई-चरोदा निगम व जामुल पालिका को शामिल नहीं किया गया है। वहीं दुर्ग निगम में एल्डरमेन के नौ पद में से केवल एक की नियुक्ति की गई है। पहली घोषणा में नियुक्ति रोके जाने से दावेदारों में बेचैनी छलकने लगी है। इन रिक्त पदों को भरने कांग्रेस के सत्ता व संगठन के बीच सहमति की कवायद चलने का संकेत है।

दुर्ग जिले की सबसे बड़ी नगर निगम भिलाई के साथ ही दुर्ग, भिलाई-चरोदा व जामुल पालिका में एल्डरमेन की बहुप्रतीक्षित नियुक्ति टल गई है। प्रदेश के अनेक निकायों के लिए 9 अगस्त को नगरीय प्रशासन विकास विभाग ने एल्डरमेन घोषित कर दिए हैं। पहली घोषणा में नियुक्ति रोके गए सभी निकायों के दावेदारों में शासन के इस निर्णय से बेचैनी का आलम है। राजधानी से छनकर आ रही खबरों को माने तो एक-दो दिन के भीतर बाकी बचे निगम व पालिका के लिए एल्डरमेन नियुक्त कर दिए जाएंगे। बावजूद इसके इस पद को लेकर जिनकी प्रबल दावेदारी बनी हुई है, उनके माथे पर संशय की लकीर साफ दिखने लगी है।

दरअसल, एल्डरमेन को निर्वाचित पार्षदों की तरह ही प्रतिमाह मानदेय और सालाना विकास के लिए शासन निधि प्रदान करती है। इसके अलावा निकायों में अपनी राजनीति चमकाने का अवसर भी एल्डरमेन बनने वालों को आसानी से मिलता है। इस वजह से एल्डरमेन पद के लिए कांग्रेस नेताओं के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा बनी हुई थी। राज्य की सत्ता से 15 वर्ष तक बाहर रहने के चलते कांग्रेस में राजनीतिक क और पहचान रखने वाले अनेक नेता व कार्यकर्ता अपनी सरकार बनते ही एल्डरमेन बनने जोड़तोड़ में लग गए थे। इनमें से अनेक अपनी दावेदारी को पुख्ता मानकर चल रहे थे। लेकिन पहली घोषणा में नियुक्ति का निर्णय टल जाने से ऐसे दावेदारों को अब अंतिम दौर में बाहर हो जाने का भय सताने लगा है।

बताया जाता है कि भिलाई, दुर्ग और चरोदा नगर निगम सहित जामुल पालिका में एल्डरमेन नियुक्ति सत्ता और संगठन के बीच तालमेल नहीं बन पाने से घोषणा टाल दी गई है। अब कुछ नामों पर सत्ता व संगठन के बीच सहमति बनाने की कवायद चलने की खबर मिल रही है। अंतिम सहमति बनाने के साथ ही एक दो दिन के भीतर दूसरी सूची जारी कर एल्डरमेन के रिक्त पदों को भर दिया जाएगा।

गौरतलब रहे कि भिलाई निगम में एल्डरमेन के कुल 11 पद है। दुर्ग निगम में 9 एल्डरमेन बनने हैं जिनमें से कृष्णा देवांगन के रूप में एक ही नियुक्ति पहली सूची में कर दी गई है। भिलाई-चरोदा निगम में 8 एल्डरमेन बनाया जाना है। वहीं जामुल नगर पालिका में एल्डरमेन के पांच पद निर्धारित है। इन सभी निकायो में नये नियम के तहत आबादी के अनुपात को दृष्टिगत रखते हुए दिव्यांगजन को भी एल्डरमेन बनाया जाएगा।

भिलाई-चरोदा निगम में लगभग पांच नाम तय

भिलाई-चरोदा निगम में एल्डरमेन के कुल 8 में से नाम लगभग तय हो चुका है। इन पांच नामों में दो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुराने समर्थक है। इन दोनों को निगम चुनाव के दौरान सरकार बनने पर एल्डरमेन बनाने का वायदा करके पार्षद का टिकट नहीं दिया गया था। इसके अलावा जिन तीन अन्य नामों पर सहमति बन जाने की चर्चा है वे फिलहाल स्थानीय विधायक व मंत्री गुरु रुद्रकुमार के करीबी बताये जा रहे हैं। इसमें चरोदा निवासी एक दिव्यांग कांग्रेस नेता के अलावा एक महिला व एक पुरुष शामिल है। खास बात यह है कि पिछले निगम चुनाव में एल्डरमेन पद की इस महिला दावेदार के पति और पुरुष दावेदार की पत्नी पार्षद पद में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पराजित हो गए थे। इस तरह से पांच नाम लगभग तय माने जा रहे हैं। तीन अन्य नाम तय करने आज मंत्री गुरु रुद्रकुमार अपने कार्यकर्ताओं से रायशुमारी करेंगे। देर रात तक भिलाई-चरोदा के सारे एल्डरमेन पद के लिए नाम तय हो जाने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button