Uncategorized

धमतरी में बेमौसम बरसात ने बढ़ाई मुश्किलें, खरीदी केंद्रों में रखी हजारों क्विंटल धान, भीगने की आशंका

धमतरी। आज सुबह से जिले में बारिश की वजह से धान की खरीदी कुछ जगहों पर प्रभावित हुई है। लेकिन कलेक्टर पीएस एल्मा ने फोन पर जानकारी दी है कि धान खरीदी केंद्रों में परिस्थितियों के अनुसार धान की खरीदी करने कहा गया है। वहीं, कुछ संग्रहण केंद्रों में रखे धान के भीग जाने की खबर आ रही है। इसकी वजह से नुकसान बढ़ सकता है। इधर, राज्य सरकार ने अधिकारियों को धान को भीगने से बचाने के उपाय करने के निर्देश दिए हैं।

आगे बढ़ने से पहले बता दें कि समर्थन मूल्य में खरीदे गए 20 लाख क्विंटल में से 11 लाख क्विंटल धान खरीदी केंद्रों में पड़ा हुआ है। धान को कैपकवर से ढककर रखा गया है। उसके बाद भी कुछ जगहों पर धान के भीगने की खबर है।

बताते चलें कि धमतरी जिले में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। इस कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है और ठंडी हवा के चलते लोग घरों में है। यहां मंगलवार रात से ही बारिश शुरू हुई और आज बुधवार को भी रुक रुक कर बारिश हो रही है।

इस साल जिले में 6 नए धान खरीदी केंद्रों की शुरूआत हुई है। इन केंद्रों में धान रखने के लिए शेड का निर्माण नहीं हुआ है। जैसे पोटियाडीह और दूसरे धान खरीदी केंद्र है, जहां शेड नहीं है। किसानों से खरीदे गए धान को बदरा धान का स्टेग बनाकर रखा गया है।

छत्तीसगढ़ किसान यूनियन के प्रदेश संयोजक लीलाराम साहू ने राज्य सरकार से धान खरीदी का समय बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने किसानों के दलहन तिलहन की फसलों को इस बारिश से नुकसान की बात भी कही।

Related Articles

Back to top button