Uncategorized

*सरकारी घोषणा के विपरीत लिए जा रहे 50 प्रतिशत से अधिक बारदाना, दो गुना दाम पर बारदाना खरीद रहे किसानों में नाराजगी*

*(किसान नेता योगेश तिवारी खरीदी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान दर्जनों किसानों को बारदाना वापस दिलाए)*

बेमेतरा:- विधानसभा क्षेत्र के खरीदी केंद्रों में धान खरीदी के लिए किसानों से 50 प्रतिशत से अधिक बारदाना लिए जाने का मामला सामने आया है। जबकि राज्य सरकार की ओर से किसानों से 25 प्रतिशत बारदाना लिए जाने की घोषणा की गई थी। इस सम्बंध में किसान नेता योगेश तिवारी ने बताया कि खरीदी केंद्रों में बारदाना की उपलब्धता सुनिश्चित करने कलेक्टर भोसकर विलास सनदिपान को ज्ञापन सौंपा था। जहां कलेक्टर ने सभी खरीदी केंद्रों में राज्य सरकार की घोषणा अनुरूप बारदाना की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया था, लेकिन खरीदी के पखवाड़ा भर के भीतर बारदाना की कमी ने शासन-प्रशासन की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। किसान नेता योगेश तिवारी ने भालेसर, भीम्भौरी, बेरला, लेन्जवारा, बारगांव, सरदा, बीजाभाठ, जिया, कुसमी, भोईनाभांठा समेत अन्य खरीदी केंद्रों में खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। जहां किसानों ने किसान नेता बारदाना की कमी से अवगत कराया। किसानों ने बताया कि समिति कर्मी मनमानी पर उतारू है, शासन के आदेश को दरकिनार कर किसानों से 50 प्रतिशत से अधिक बारदाना ले रहे हैं। टोकन अनुसार तय तारीख में धान बेचना है इसलिए किसान अपने बारदाना में धान बेचने को मजबूर हैं।

*कई जिलों में 100 प्रतिशत बारदाना की उपलब्धता, भेदभाव से किसानों में नाराजगी*

किसान नेता ने बताया कि प्रदेश के कई जिलों में किसानों को समिति की ओर से 100 प्रतिशत बारदाना दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार की इस भेदभाव पूर्ण नीति से जिले के किसानों में रोष है। दुर्ग व रायपुर जिला में 100 फीसदी बारदाना शासन स्वयं प्रदाय कर रही है। जबकि दीगर जिलों में सिर्फ 50 से 75 प्रतिशत बारदाना उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश के किसानों से इस तरह का भेदभाव निंदनीय है।

*दर्जनों किसानों को समितियों से बारदाना वापस दिलाए*

किसान नेता ने बताया कि दो दिनों के भीतर दर्जन भर खरीदी केंद्रों में पहुचकर, खरीदी का जायजा लिया है। यहां खरीदी के लिए 50 प्रतिशत बारदाना लिए जाने की शिकायत पर दर्जनों किसानों को समिति से बारदाना वापस दिलाया और इसकी शिकायत कलेक्टर से की। जिसमे लेखराम साहू, बलराम साहू, गोपल साहू, ठाकुर राम साहू, द्वारकाराम साहू, नारायण साहू, कृपाराम साहू, तुकाराम साहू, धनेश्वर साहू सभी जांमगांव के किसानों को बारदाना वापस दिलाया।

*बारदाना की कालाबाजारी, दो-तिगुना दाम में बारदाना खरीद रहे किसान*

किसानों के मजबूरी का फायदा सरकार के साथ-साथ व्यापारी भी उठा रहे है। क्षेत्र के किसानों को बारदाना के लिए भटकना पड़ रहा है। किसानों को बारदाने के लिए कालाबाजारी का भी शिकार होना पड़ रहा है। जहां उन्हें 35 से लेकर 50 रुपये तक में बारदाना खरीदना पड़ रहा है और सरकार किसानों को बारदाना के एवज में सिर्फ 25 रुपए दे रही है। लगातार शिकायत के बावजूद प्रशासन बारदाना की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने में नाकाम रहा है।

Related Articles

Back to top button