छत्तीसगढ़

अराध्या स्व. सहायता समूह की महिलाओ ने अपनाया खिलौना का व्यवसाय

भिलाईनगर / नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत एक ऐसा समूह भी है जो खिलौना का व्यवसाय कर रही है, नाम है अराध्या महिला स्व. सहायता समूह। इनकी अध्यक्ष खुर्सीपार निवासी सरिता है, सरिता ने बताया कि खिलौने का व्यवसाय हमने अपनाया है। कुछ अलग करने की रूचि थी, घर पर रहकर खिलौना तैयार करने का विचार मन में आया, महिलाओं को हमने एकजुट किया, फिर समूह तैयार हुआ, निगम में पंजीयन कराकर बैंक लिकेज से सहायता प्राप्त हुई और 8-10 महिलाओं के माध्यम से खिलौना बनाकर स्थानीय स्तर पर विक्रय प्रारंभ किया। सबसे बड़ी समस्या इसके विक्रय को लेकर थी, इसमें निगम प्रशासन ने सहयोग किया, कई स्थलो पर स्टाॅल भी उपलब्ध कराये और प्रचार होता गया।

धीरे-धीरे अन्य जिलो में विक्रय प्रारंभ किया। अब बेमेतरा, कवर्धा, धमतरी, राजनांदगांव एवं रायपुर जैसे शहरो में भिलाई के खुर्सीपार के खिलौने बिक्री के लिये मौजूद है। स्व. सहायता समूह की अध्यक्ष सरिता ने बताया कि माह में 80 हजार से लेकर 1 लाख राशि तक के खिलौने की बिक्री होती है और 15 हजार तक शुद्ध मुनाफा होता है। दुर्गा पूजा से लेकर मार्च माह तक के सीजन में ज्यादा डिमांड होती है, वहीं होल सेल बिक्री को उन्होंने ज्यादा प्राथमिकता दी है। वार्ड 31 दुर्गा मंदिर खुर्सीपार के कबीर मंदिर के सामने ही महिला ने दुकान भी प्रारंभ किया है।

अपने साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी रोजगार के अवसर दे रही है। खिलौना में टेडीबियर, गुड़िया, घोड़ा, डाॅग एवं गिलहरी जैसे आयटम की ज्यादा मांग होना उन्होंने बताया। खिलौना बनाने में मशीन का भी उपयोग किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे के निर्देश पर राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन का बेहतर क्रियान्वयन भिलाई निगम क्षेत्र में हो रहा है। नोडल अधिकारी सुनील अग्रहरि और सहायक परियोजना अधिकारी फनीणद्र बोस महिलाओं को स्वावलंबी बनाने में लगातार योजना की समीक्षा कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button