देश दुनिया

मंत्रालय के वीडियो कांफ्रेंसिंग हाल में भी लगी थी आग, फर्नीचर और उपकरण जले थे There was also a fire in the video conferencing hall of the ministry, furniture and equipment were burnt.

 

भोपाल

 

मंत्रालय (वल्लभ भवन) के वीडियो कांफ्रेंसिंग में पिछले माह 27 अक्टूबर को आग लगने की घटना सामने आई है। देर रात शार्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी। गश्त कर रहे सुरक्षा कर्मियों ने मंत्रालय के पुराने भवन के भूतल से धुंआ निकलते हुए देखा। उन्होंने जब नजदीक जाकर देखा तो आग लगी हुई थी। तत्काल फायर बिग्रेड और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और आग पर जल्द काबू पा लिया गया। आग लगने से फर्नीचर, कंप्यूटर कैमरा, टीवी और एयर कंडीशन जल गए। मंत्रालय में इसके पहले भी मुख्य भवन के पांचवें तल पर मुख्यमंत्री कार्यालय की शाखा में आग लग चुकी हैै।

मंत्रालय के वीडियो कांफ्रेंसिंग हाल में आग लगने की घटना को दबाकर रखा गया था। जब इसकी पड़ताल शुरू हुई तो मामले का खुलासा हुआ। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव विनोद कुमार ने बताया कि मंत्रालय भवन क्रमांक एक के भूतल स्थित वीडियो कांफ्रेंसिंग हाल में आग लगी थी। इस पर कुछ ही समय में काबू पा लिया गया था। देर रात को घटना हुई थी। हाल के बाहर आग नहीं फैल पाई।

फर्नीचर और कुछ उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। प्रथम दृष्टया आग शार्ट सर्किट होने की वजह से लगने की बात सामने आई है। विस्तृत परीक्षण कराया जा रहा है। मंत्रालय में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं। नए दोनों भवनों में फायर सेफ्टी की पूरी व्यवस्था है।

वहीं, मंत्रालय के सुरक्षा अधिकारी विश्वास कुमार भटेले ने बताया कि हमारे जवान रात्रि गश्त पर थे। उन्हें वीडियो कांफ्रेंसिंग हाल से धुंआ निकलते हुए दिखा तो नजदीक पहुंचे और देखा कि आग लगी है। तत्काल फायर बिग्रेड को सूचित किया गया और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। इस वीडियो कांफ्रेंस हाल का उपयोग मंत्रालय के कर्मचारियों को कंप्यूटर और ई-फाइलिंग सिस्टम का प्रशिक्षण देने के लिए किया जाता है। वरिष्ठ अधिकारियों की वीडियो कांफ्रेसिंग के लिए प्रथम तल पर अलग व्यवस्था है।

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button