चौराहों पर दुर्घटना रोकने की जा रही है कवायद

दुर्घटनाओं के चलते डिवाइडर बनाकर किया जा रहा अलग
भिलाई। फोरलेन सडक़ के चौराहों के पास दुर्घटना रोकने का इंतजाम किया जा रहा है। इसके लिए फ्लाई ओव्हर निर्माण को गति देने मेन लेन में मर्ज की गई सविस लेन को फिर से अलग किया जा रहा है। सुपेला चौक पर यह काम शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में पावर हाउस चौक सहित जहां-जहां पर फ्लाई ओव्हर बनाने सर्विसलेन को मेनलेन में मर्ज किया गया है,वहां पर भी डिवाइडर बना दिया जाएगा।
सुपेला चौक पर राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने सडक़ चौड़ीकरण के चलते विलुप्त हो गई सर्विस लेन को फिर से अस्तित्व में लाने का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए फिलहाल टीन वाले शीट को लंबाई में लगाकर डिवाइडर का स्वरूप प्रदान कियाजा रहा है। इसके साथ ही भारी तथा हल्के वाहनों के लिए इस चौराहे पर अलग-अलग सडक़ चिन्हित हो गई है। इससे दुर्घटना होने जा खतरा काफी हद तक कम हो जाएगा।
गौरतलब रहे कि फोरलेन सडक़ पर कुम्हारी से सुपेला के बीच चार चौराहों पर फ्लाई ओव्हर का निर्माण कराया जा रहा है। इसके निर्माण को गति देने से पहले चालू यातायात को निर्बाध बनाए रखने के उद्देश्य से सभी चौराहों के पास सर्विस लेन को डिवाइडर हटाकर मेनलेन में मर्ज किया गया है। माह भर पहले ऐसा किए जाने के साथ ही चौराहों पर दुर्घटना पेश आने लगी थी। पावर हाउस चौक के पास अप्रैल माह के अंतिम दिनों में दो अलग-अलग दुर्घटना के चलते एक बुजुर्ग और एक युवक की मौत हो गई। इन दोनों दुर्घटना के लिए सर्विसलेन और मेनलेन के बीच की डिवाइडर को हटाकर एक समान डामरीकरण किए जाने को जिम्मेदार माना गया।
उल्लेखनीय है कि फोरलेन बनने के बाद ज्यादातर छोटे चार पहिया व दुपहिया वाहन चालक सर्विस लेन का इस्तेमाल करते रहे है। यह छोटे वाहन चालकों की आदत में सुमार हो चुका था। लेकिन फ्लाई ओव्हर निर्माण के चलते चौराहों के आसपास सडक़ की चौड़ाई बढ़ा दी गई है।
इससे सर्विस लेन का अस्तित्व फ्लाई ओव्हर निर्माण के प्रस्तावित दायरे में खत्म हो गया है। सर्विसलेन नहीं होने से लंबी दूरी के वाहन चालकों पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया। ऐसे वाहन पहले मेनलेन पर ही आवाजाही करते थे। लेकिन सर्विस लेन को मेनलेन में मर्ज कर दिए जाने के बाद भारी के साथ ही हल्के वाहन अपनी मनमर्जी से आवाजाही कर रहे थे।
विशेष बात यह भी है कि दोनों ओर बने सर्विस लेन पर आमने-सामने वाहनों की आवाजाही लंबे समय से हो रही थी। ऐसे में जब चौराहों के पास सर्विस लेन खत्म हो गया तो भी स्थानीय हल्के वाहन चालक पुराने आदत के अनुरुप आवाजाही कर रहे हैं। इस आमने-सामने आवाजाही के चलते चौराहो के पास सर्विस लेन नहीं होने से सीधी भिड़ंत की आशंका अनेक बार जानलेवा साबित हो रही थी।