सेवा संकल्प अभियानरूजिले में 28 से 30 सितम्बर तक आयोजित होंगे खाद्य विभाग की सेवा सेतु शिविर’

सेवा संकल्प अभियानरूजिले में 28 से 30 सितम्बर तक आयोजित होंगे खाद्य विभाग की सेवा सेतु शिविर’
’कलेक्टर नम्रता जैन ने तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश’
नारायणपुर, 23 सितम्बर 2026// सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नारायणपुर जिले में 28 से 30 सितम्बर 2026 तक विकासखण्ड एवं जिला स्तरीय “सेवा सेतु शिविर” आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर नम्रता जैन ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिविरों की तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा अधिक से अधिक हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 सितम्बर, सोमवार को ग्राम पंचायत रेमावण्ड, 29 सितम्बर, मंगलवार को ग्राम पंचायत सोनपुर तथा 30 सितम्बर, बुधवार को ग्राम पंचायत ओरछा के पंचायत कार्यालयों में विकासखण्ड स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार 30 सितम्बर को नारायणपुर शहर के बुधवारी बाजार स्थल में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया जाएगा।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार आयोजित इन तीन दिवसीय विशेष शिविरों का उद्देश्य जिले के सुदूर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक नागरिक और परिवार तक केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना, समस्याओं का त्वरित निराकरण करना तथा विभागीय योजनाओं में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। सेवा सेतु शिविरों में राशनकार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हितग्राहियों के राशनकार्ड की ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, मोबाइल नंबर लिंक करने की प्रक्रिया, नए राशनकार्ड के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, शिकायतों का निराकरण तथा राशन की गुणवत्ता का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही “प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना” एवं “वन नेशन वन राशन कार्ड” योजना की जानकारी भी नागरिकों को दी जाएगी।
शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर खाद्य अधिकारी तथा विकासखण्ड स्तर पर सहायक खाद्य अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ शिविरों का सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके। जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण एवं अंदरूनी क्षेत्रों के हितग्राहियों से अपील की है कि वे 28 से 30 सितम्बर के बीच अपने निकटतम सेवा सेतु शिविर में पहुंचकर राशनकार्ड से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।



