छत्तीसगढ़

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा अपने चिर-परिचित अंदाज में ग्रामीणों के बीच जमीनी में बैठकर किया सीधा संवाद

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा अपने चिर-परिचित अंदाज में ग्रामीणों के बीच जमीनी में बैठकर किया सीधा संवाद

ग्राम लोहझरी के विकास के लिए 20.20 लाख रुपए की घोषणा की

कवर्धा, 17 अक्टूबर 2026। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ग्राम लोहझरी पहुंचे, जहां उन्होंने अपने चिर-परिचित सहज अंदाज में ग्रामीणों के बीच जमीन में बैठकर उनकी मांग, समस्याएं सुनीं और गांव की जरूरतों पर चर्चा की। महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में ही ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव से जुड़ी मांगें रखीं, जिन पर उपमुख्यमंत्री ने त्वरित पहल करते हुए विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 20 लाख 20 हजार रुपये की घोषणा की।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ग्राम लोहझरी में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए चार सीसी रोड निर्माण हेतु 10 लाख 40 हजार रुपये की घोषणा की। इसके साथ ही दुर्गा मंदिर में रंगमंच निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रुपये, हनुमान मंदिर के पास रंगमंच निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रुपये तथा महामाया मंदिर में दो मंचों के निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रुपये देने की घोषणा की। इस तरह गांव में विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 20 लाख 20 हजार रुपये की सौगात दी गई। इन कार्यों से आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए भी सुविधाएं विकसित होंगी।

विकास कार्यों की गुणवत्ता की हर महीने होगी समीक्षा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा जरूरी है। उन्होंने जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच, ठेकेदार और अन्य जनप्रतिनिधियों को हर महीने एक साथ बैठकर कार्यों की प्रगति पर चर्चा करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय लोगों की भागीदारी और निगरानी से निर्माण कार्यों को टिकाऊ बनाया जा सकता है।

कवर्धा क्षेत्र में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के कार्य प्रगतिरत

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि कवर्धा क्षेत्र में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य चल रहे हैं। इनमें भोरमदेव कॉरिडोर, मेडिकल कॉलेज और रायपुर-बिलासपुर मार्ग का चौड़ीकरण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इनकी प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी के लिए गठित टीमें हर महीने के पहले सप्ताह में मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करती हैं। उन्होंने मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद भी जताई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य श्री मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष श्री रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button