ड्रिप सिंचाई से सब्जी उत्पादन को मिला बढ़ावा

ड्रिप सिंचाई से सब्जी उत्पादन को मिला बढ़ावा
हरीशचन्द्र की खेती बनी लाभकारी
नारायणपुर, 17 अगस्त 2026// विकासखण्ड नारायणपुर के ग्राम तारागांव निवासी कृषक श्री हरीशचन्द्र पिता श्री भादूराम ने उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन और आधुनिक कृषि तकनीक को अपनाकर पारंपरिक खेती से आगे बढ़ते हुए सब्जी उत्पादन को आय का बेहतर माध्यम बनाया है। पहले वे मुख्य रूप से धान की पारंपरिक खेती करते थे, जिससे सीमित आमदनी होती थी और परिवार की आर्थिक आवश्यकताओं को पूरा करना चुनौतीपूर्ण था।
उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने हरीशचन्द्र को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों के साथ ड्रिप सिंचाई पद्धति अपनाकर सब्जी उत्पादन करने के लिए प्रेरित किया। विभागीय मार्गदर्शन से उत्साहित होकर उन्होंने 1 हेक्टेयर क्षेत्र में बरबटी, करेला और लौकी जैसी सब्जी फसलों की खेती शुरू की।
ड्रिप सिंचाई पद्धति के उपयोग से फसलों को आवश्यकता के अनुसार पानी उपलब्ध हुआ, जिससे उत्पादन एवं फसल की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला। खेत में तैयार बरबटी और लौकी को हरीशचन्द्र स्थानीय बाजार में बेच रहे हैं, जिससे उन्हें अच्छी आय प्राप्त हो रही है। सब्जी उत्पादन ने उनकी खेती को अधिक लाभकारी बनाने के साथ-साथ नियमित आय का एक नया स्रोत भी विकसित किया है।
हरीशचन्द्र बताते हैं कि आधुनिक तकनीक और विभागीय मार्गदर्शन से खेती के प्रति उनका नजरिया बदला है। अब वे पारंपरिक धान की खेती के साथ ऐसी फसलों को अपनाने पर जोर दे रहे हैं, जिनसे कम समय में बेहतर आय प्राप्त हो सके। सब्जी उत्पादन से परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
उनकी सफलता से गांव के अन्य किसान भी प्रेरित हो रहे हैं और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के प्रति रुचि दिखा रहे हैं। हरीशचन्द्र अब अपने अनुभवों के माध्यम से अन्य किसानों को भी वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।


